मास्को: रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने एक बार फिर भारत और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की खुलकर सराहना की है। सेंट पीटर्सबर्ग इंटरनेशनल इकोनॉमिक फोरम में बोलते हुए पुतिन ने कहा कि भारत हमेशा एक संप्रभु राष्ट्र की तरह फैसले लेता है और किसी भी बाहरी दबाव या प्रतिबंध का जवाब अपने हितों के अनुसार देता है।
पुतिन ने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत तेजी से आगे बढ़ रहा है और दुनिया में अपनी मजबूत पहचान बना चुका है। उन्होंने यह भी कहा कि भारत-रूस संबंध केवल व्यापार तक सीमित नहीं हैं, बल्कि रक्षा, तकनीक और संयुक्त रिसर्च जैसे क्षेत्रों में भी दोनों देश साथ काम कर रहे हैं।
रूसी राष्ट्रपति ने ब्रह्मोस मिसाइल परियोजना का जिक्र करते हुए कहा कि भारत और रूस के विशेषज्ञ मिलकर आधुनिक रक्षा तकनीक विकसित कर रहे हैं। उन्होंने साफ कहा कि दोनों देशों के रिश्ते राजनीतिक माहौल से प्रभावित नहीं होते और रूस भारत से किए गए अपने वादों को निभाता रहेगा।
पुतिन के इस बयान को ऐसे समय में अहम माना जा रहा है, जब वैश्विक राजनीति में रूस, अमेरिका और यूरोप के बीच तनाव बना हुआ है।
आशुतोष झा

