राष्ट्रीय

कॉकरोच जनता पार्टी की पहली ही रैली में उमड़ी भारी भीड़, बड़े-बड़े राजनेताओं की उड़ी नींद!

डेस्क:दिल्ली के जंतर मंतर पर आज कॉकरोच जनता पार्टी के बैनर तले हुए प्रदर्शन ने केवल राष्ट्रीय राजनीति में हलचल नहीं मचाई, बल्कि देश के सामाजिक और युवा विमर्श को भी नई दिशा दे दी है। एक नई नवेली पार्टी के पहले ही कार्यक्रम में जिस तरह युवाओं की भारी भीड़ उमड़ी, उसने पारंपरिक राजनीति के लिए साफ संदेश दे दिया है कि जेन जी अब नए तरह की राजनीति और नए चेहरों की तलाश में है। जंतर मंतर पर जुटे प्रदर्शनकारियों की मुख्य मांग केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा रही। प्रदर्शनकारियों ने जोरदार नारेबाजी करते हुए शिक्षा व्यवस्था में लगातार सामने आ रही खामियों और नाकामियों को मुद्दा बनाया। युवाओं का आरोप है कि धर्मेंद्र प्रधान के कार्यकाल में शिक्षा माफिया का प्रभाव बढ़ा है, कभी पेपर लीक तो कभी सिस्टम की लापरवाही के कारण छात्रों का भविष्य लगातार संकट में पड़ रहा है। प्रदर्शन में शामिल युवाओं का कहना था कि ऐसी परिस्थितियों में शिक्षा मंत्री को पद पर बने रहने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है। सबसे ज्यादा चर्चा इस बात की रही कि सोशल मीडिया और ऑनलाइन अभियानों से जन्मी कॉकरोच जनता पार्टी ने अपने पहले ही जमीनी प्रदर्शन में इतनी बड़ी भीड़ कैसे जुटा ली? इससे यह संकेत भी मिला कि डिजिटल मंचों पर चलने वाले अभियान अब सड़कों पर भी असर दिखाने लगे हैं। हालांकि राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि इस नई पार्टी की वास्तविक ताकत और भविष्य का आकलन करना अभी जल्दबाजी होगी। दिलचस्प बात यह भी है कि अपने इस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए कॉकरोच जनता पार्टी ने कांग्रेस की युवा इकाई अखिल भारतीय युवा कांग्रेस से समर्थन मांगा था, लेकिन युवा कांग्रेस ने इससे दूरी बनाकर रखने का फैसला किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *