डेस्क:दक्षिणी दिल्ली के मालवीय नगर की एक संकरी गली में स्थित ‘फ्लोरिश स्टे’ बेड एंड ब्रेकफास्ट (B&B) होटल में बुधवार को लगी भीषण आग ने पूरी राजधानी को हिलाकर रख दिया है। इस दिल दहला देने वाले हादसे में विदेशी नागरिकों समेत 21 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 25 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इस घटना ने एक बार फिर दिल्ली में अग्नि सुरक्षा (Fire Safety) के पुख्ता इंतजामों और नियमों के उल्लंघन पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। यह कोई इकलौता हादसा नहीं है, हाल ही में विवेक विहार और पालम क्षेत्रों में भड़की आग में भी क्रमश: 9-9 लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी थी। दिल्ली सरकार और दिल्ली अग्निशमन सेवा (DFS) के आधिकारिक आंकड़े बताते हैं कि राजधानी में आग की घटनाएं अब एक जानलेवा संकट बन चुकी हैं। आधिकारिक आंकड़ों से पता चला है कि पिछले छह वर्षों में राजधानी में आग से संबंधित दुर्घटनाओं में 543 लोगों की जान गई है।

