पटना: बिहार की राजधानी पटना के मुसल्लहपुर हाट इलाके में मंगलवार देर शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब मशहूर शिक्षक खान सर के कोचिंग संस्थान के बाहर फायरिंग की घटना सामने आई।
बताया जा रहा है कि कुछ बदमाशों ने कोचिंग सेंटर को निशाना बनाते हुए पहले जमकर तोड़फोड़ की और फिर कई राउंड गोलियां चलाईं। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हमलावर अचानक कोचिंग संस्थान के बाहर पहुंचे और वहां लगे पोस्टर-बैनर फाड़ने लगे। इसके बाद उन्होंने परिसर में घुसकर जमकर हंगामा किया। इसी दौरान अंधाधुंध फायरिंग भी की गई, जिसमें कोचिंग संस्थान का एक सुरक्षा गार्ड घायल हो गया। घायल गार्ड को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही मुसल्लहपुर हाट थाना पुलिस, पटना एसएसपी, एसपी समेत कई पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके।
बताया जा रहा है कि यह हमला कथित वर्चस्व की लड़ाई से जुड़ा हो सकता है। हालांकि पुलिस ने अभी तक आधिकारिक तौर पर किसी कारण की पुष्टि नहीं की है। जांच के बाद ही पूरे मामले का खुलासा होने की बात कही जा रही है।
घटना की जानकारी मिलने के बाद खान सर खुद भी मौके पर पहुंचे। मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि संस्थान पर पथराव और गोलीबारी की गई है। उन्होंने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
गौरतलब है कि खान सर के संस्थान को पहले भी निशाना बनाया जा चुका है। इससे पहले भी उनके कोचिंग सेंटर पर बम से हमला होने की घटना सामने आई थी। ऐसे में इस ताजा वारदात के बाद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और इलाके में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात कर दिया गया है।
आशुतोष झा

