प्रादेशिक

सूरत में भीषण सड़क हादसा, 2 यात्री बस और ट्रैक्टर की आपस में टक्कर से 8 यात्री जिंदा जले।

सूरत : गुजरात के सूरत जिले से एक बेहद दर्दनाक और रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना सामने आई है. सूरत-बारडोली हाईवे पर उवा गांव के पास एक भीषण ट्रिपल एक्सीडेंट हो गया.

इस भयानक सड़क हादसे में आठ लोगों की दर्दनाक मौत हो गई है और कई अन्य जिंदगी और मौत के बीच झूल रहे हैं. जानकारी के मुताबिक, सूरत हाईवे पर गुजरात और महाराष्ट्र की दो राज्य परिवहन बसों और एक ट्रैक्टर के बीच जोरदार टक्कर हो गई. प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि भिड़ंत इतनी तेज थी कि वाहनों के परखच्चे उड़ गए. इस ट्रिपल एक्सीडेंट के तुरंत बाद, महाराष्ट्र की धुलिया-सूरत (Dhule-Surat) बस अनियंत्रित होकर पलट गई. बस के पलटते ही उसमें भयानक आग लग गई, जिसने पल भर में पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया.

 

8 यात्रियों की जिंदा जलकर मौत

हादसा इतना अचानक हुआ कि बस में सवार कई यात्रियों को बाहर निकलने का मौका ही नहीं मिला. आग की लपटों के बीच फंसकर 8 यात्रियों की जिंदा जलकर मौत हो गई. चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग दौड़े, लेकिन आग इतनी विकराल थी कि कोई भी बस के करीब नहीं जा सका. इस दर्दनाक हादसे में 15 अन्य मुसाफिर गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें तुरंत एंबुलेंस की मदद से बारडोली के स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

टक्कर के बाद CNG बस बनी आग का गोला

दोनों बसों के बीच टक्कर इतनी ज़ोरदार थी कि बस सड़क पर ही पलट गई. चूंकि दुर्घटनाग्रस्त बस CNG से चलने वाली थी, इसलिए टक्कर लगते ही उसमें तुरंत भीषण आग लग गई. हादसे की खबर मिलते ही आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई. घटना की सूचना मिलते ही बारडोली फायर डिपार्टमेंट और बारडोली टाउन पुलिस की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं. फायर ब्रिगेड के कर्मचारियों ने कड़ी मशक्कत के बाद बस में लगी आग पर काबू पाया.

फिलहाल दुर्घटनास्थल पर राहत और बचाव का काम युद्ध स्तर पर चल रहा है. सड़क पर ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू रूप से बनाए रखने और हादसे के सही कारणों की जांच के लिए पुलिस ने आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है. प्रशासनिक अधिकारी लगातार मौके पर मौजूद रहकर हालात पर नज़र रखे हुए हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *