अन्य

नेपाल पीएम बालेन शाह का बड़ा बयान, बोले- ‘भारत ही नहीं, नेपाल ने भी की सीमा पर घुसपैठ’

काठमांडू: भारत-नेपाल सीमा विवाद को लेकर नेपाल की संसद में बड़ा बयान सामने आया है। Balen Shah ने स्वीकार किया कि सीमा विवाद सिर्फ भारत द्वारा नेपाली जमीन पर अतिक्रमण का मामला नहीं है, बल्कि नेपाल ने भी कुछ जगहों पर भारतीय क्षेत्र में अतिक्रमण किया है।

नेपाल के प्रधानमंत्री का यह बयान ऐसे समय आया है जब कालापानी, लिपुलेख और लिम्पियाधुरा को लेकर दोनों देशों के बीच लंबे समय से तनाव बना हुआ है। संसद में सवालों का जवाब देते हुए बालेन शाह ने कहा कि सीमा विवाद को राजनीतिक नजरिए से नहीं, बल्कि तथ्यों और ऐतिहासिक दस्तावेजों के आधार पर देखा जाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि भारत और नेपाल को एक साथ बैठकर पूरे सीमा क्षेत्र की निष्पक्ष समीक्षा करनी चाहिए। शाह के मुताबिक, दोनों देशों के बीच इस मुद्दे पर कूटनीतिक स्तर पर बातचीत जारी है और नेपाल भारत को आधिकारिक नोट भी भेज चुका है। भारत की ओर से जवाब मिलने की पुष्टि भी उन्होंने की।

नेपाल पीएम ने यह भी बताया कि भारत ने इतिहासकारों, सर्वेयरों और सीमा विशेषज्ञों की संयुक्त टीम बनाने का प्रस्ताव रखा है, ताकि पुराने नक्शों और दस्तावेजों के आधार पर विवाद का समाधान निकाला जा सके।

बालेन शाह ने ब्रिटेन का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि सीमा विवाद की जड़ें ब्रिटिश काल के समझौतों और नक्शों से जुड़ी हैं, इसलिए इस मामले में ब्रिटेन की भूमिका भी अहम हो सकती है।

नेपाल के किसी प्रधानमंत्री द्वारा पहली बार सार्वजनिक रूप से यह स्वीकार करना कि दोनों देशों की ओर से सीमा दावे जुड़े हुए हैं, कूटनीतिक तौर पर बड़ा घटनाक्रम माना जा रहा है। अब इस बयान पर भारत की आधिकारिक प्रतिक्रिया का इंतजार है।

आशुतोष झा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *