मुंबई : मुंबई में बकरीद से पहले कुर्बानी और बकरों के लिए बनाए जा रहे शेड को लेकर विवाद बढ़ता जा रहा है। Mira Road में हुए विवाद के बाद अब Gokuldham Society का मामला भी चर्चा में आ गया है। दोनों घटनाओं के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है और प्रशासन सतर्क हो गया है।
मीरा रोड के बाद गोकुलधाम सोसाइटी में नया विवाद जानकारी के मुताबिक, गोरेगांव पूर्व स्थित गोकुलधाम के सैटेलाइट गार्डन फेज-1 की आजाद नगर डी-3 बिल्डिंग परिसर में बकरीद के मौके पर कुर्बानी के लिए बकरों को रखने हेतु एक अस्थायी शेड तैयार किया गया है। इसी को लेकर स्थानीय स्तर पर विरोध शुरू हो गया।
बीजेपी की स्थानीय नगरसेविका Priti Satam ने इस मामले में वार्ड ऑफिसर को पत्र लिखकर सोसाइटी परिसर में कुर्बानी की अनुमति नहीं देने की मांग की है। उन्होंने अपने पत्र में कहा कि रिहायशी इलाके में इस तरह की गतिविधियों से कानून-व्यवस्था प्रभावित हो सकती है।
स्कूल और धार्मिक स्थल का दिया हवाला
नगरसेविका ने विरोध दर्ज कराते हुए कहा कि संबंधित सोसाइटी के पास एक स्कूल और हिंदू धार्मिक स्थल मौजूद है। ऐसे में कुर्बानी की प्रक्रिया से लोगों की धार्मिक भावनाएं आहत होने की आशंका है। बताया जा रहा है कि भाजपा कार्यकर्ता मौके का निरीक्षण करने भी पहुंचे।
मीरा रोड में पहले ही हो चुका है बवाल
इससे पहले मीरा रोड की एक पॉश हाउसिंग सोसाइटी में भी बकरीद से पहले बकरों के शेड और कुर्बानी को लेकर दो समुदायों के बीच विवाद सामने आया था। देर रात बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हो गए थे, जिसके बाद स्थिति तनावपूर्ण बन गई। मामले को संभालने के लिए भारी पुलिस बल तैनात करना पड़ा।
महाराष्ट्र सरकार ने दिए सख्त निर्देश
बकरीद को देखते हुए Maharashtra सरकार ने गोवंश की अवैध तस्करी, अवैध बूचड़खानों और पशु क्रूरता के खिलाफ सख्ती बढ़ा दी है। परिवहन मंत्री Pratap Sarnaik ने अधिकारियों को विशेष जांच अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। वहीं मुख्यमंत्री Devendra Fadnavis के निर्देश पर राज्यभर में निगरानी बढ़ा दी गई है।
प्रशासन का कहना है कि त्योहार के दौरान शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है।
आशुतोष झा

