कोलकाता : पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में फुटबॉल स्टार Lionel Messi की 70 फीट ऊंची प्रतिमा को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। लेक टाउन क्लॉक टावर के पास स्थापित इस विशाल प्रतिमा में संरचनात्मक खामियां पाए जाने के बाद प्रशासन ने इसे हटाने की तैयारी शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि तेज हवाओं के दौरान प्रतिमा हिलने लगती है, जिससे आसपास रहने वाले लोगों में डर और चिंता बढ़ गई है।
यह प्रतिमा दिसंबर 2025 में मेसी के GOAT इंडिया दौरे के दौरान लगाई गई थी और इसका अनावरण खुद मेसी ने किया था। लेकिन स्थापना के कुछ ही महीनों बाद स्थानीय लोगों ने शिकायत दर्ज कराई कि तेज हवा चलने पर प्रतिमा पैरों से लेकर ऊपरी हिस्से तक हिलती दिखाई देती है। इसके बाद पुलिस और प्रशासन ने मामले का संज्ञान लिया।
सूत्रों के मुताबिक लोक निर्माण विभाग (PWD) की जांच में प्रतिमा की संरचना को कमजोर पाया गया है। रिपोर्ट में कहा गया है कि प्रतिमा का गुरुत्वाकर्षण संतुलन बिगड़ चुका है और मानसून के दौरान इसके गिरने का खतरा बढ़ सकता है। एक मजदूर ने भी दावा किया कि प्रतिमा नीचे से कमजोर हो चुकी है और लगातार हिल रही है।
स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से प्रतिमा की मरम्मत या उसे किसी सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित करने की मांग की थी। वहीं अब प्रशासन ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए इसे हटाने का फैसला लिया है। बताया जा रहा है कि प्रतिमा को हटाने की प्रक्रिया जल्द शुरू की जा सकती है।
इस बीच बंगाल की राजनीति में भी यह मामला चर्चा का विषय बन गया है। भाजपा सरकार और तृणमूल कांग्रेस के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है। प्रशासन का कहना है कि सुरक्षा से बड़ा कोई मुद्दा नहीं है और किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए जरूरी कदम उठाए जाएंगे।
आशुतोष झा

