डेस्क: देश के ज्यादातर हिस्सों में इस समय भीषण गर्मी का कहर जारी है। राजधानी दिल्ली , एनसीआर समेत उत्तर और पश्चिम भारत के कई राज्यों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है। तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है।ऐसे में मानसून को लेकर आई ताजा खबर लोगों के लिए बड़ी राहत बनकर सामने आई है।
मौसम विभाग ने बताया है कि दक्षिण भारत और पूर्वोत्तर के कई राज्यों में मानसून पूर्व गतिविधियां सक्रिय हो गई हैं। इसके कारण अगले चार से पांच दिनों तक कई इलाकों में भारी बारिश, तेज आंधी और बिजली चमकने की संभावना है। कुछ क्षेत्रों में 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। साथ ही ओलावृष्टि और धूल भरी आंधी का भी खतरा बना हुआ है।
25 मई से दक्षिण भारत में तेज बारिश की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार 25 मई से 28 मई के बीच केरल, लक्षद्वीप और तमिलनाडु में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान कुछ इलाकों में भारी से बहुत भारी वर्षा की संभावना जताई गई है। साथ ही 40 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं और बिजली गिरने की भी आशंका है। कर्नाटक, आंध्र प्रदेश और पुडुचेरी में भी 25 मई से 27 मई तक गरज-चमक के साथ बारिश होने का अनुमान है। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
25 और 26 मई को पूर्वोत्तर राज्यों में भारी बारिश के संकेत
असम और मेघालय में 25 मई को तेज हवाओं और गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। वहीं नागालैंड, मणिपुर और मिजोरम में भी मौसम बदलने की संभावना जताई गई है। अरुणाचल प्रदेश में 25 और 26 मई के दौरान भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
26 से 29 मई तक बिहार और पूर्वी भारत में बारिश के आसार
मौसम विभाग के अनुसार बिहार में 26 से 28 मई के बीच गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। झारखंड और ओडिशा में 25 मई को हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है। वहीं गंगा के मैदानी पश्चिम बंगाल में 27 से 29 मई तक बारिश की संभावना जताई गई है।
28 से 30 मई तक पहाड़ी राज्यों में बारिश की उम्मीद
जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में 28 से 30 मई के बीच हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। उत्तराखंड में 25, 29 और 30 मई को तेज हवाओं के साथ बारिश का अनुमान है। इन इलाकों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।
26 से 28 मई तक मध्य भारत में आंधी और बारिश के साथ मानसून की शुरुआत
विदर्भ क्षेत्र में 26 से 28 मई के दौरान आंधी, बिजली कड़कने और तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इससे तापमान में कुछ गिरावट दर्ज की जा सकती है।

