अन्य

तमिलनाडु में विजय का बढ़ता दबदबा, अब राज्यसभा में भी होगी TVK की एंट्री

तमिलनाडु : तमिलनाडु की राजनीति में ऐतिहासिक जीत दर्ज करने के बाद मुख्यमंत्री थलापति विजय की पार्टी तमिलझा वेत्री कड़गम (TVK) अब राज्यसभा में भी एंट्री करने की तैयारी में है। निर्वाचन आयोग द्वारा राज्यसभा की 26 सीटों पर चुनाव की घोषणा के बाद यह साफ हो गया है कि विजय की पार्टी को पहली बार संसद के उच्च सदन में पहुंचने का मौका मिल सकता है।

दरअसल, तमिलनाडु में एआईएडीएमके के एक राज्यसभा सांसद के इस्तीफे के बाद सीट खाली हुई है, जिस पर अब उपचुनाव कराया जाएगा। हाल ही में विधानसभा चुनाव में बड़ी जीत हासिल करने वाली TVK के पास पर्याप्त संख्या बल होने के कारण इस सीट पर उसकी दावेदारी बेहद मजबूत मानी जा रही है। राजनीतिक जानकारों का कहना है कि अगर TVK यह सीट जीतती है तो यह पार्टी के लिए सिर्फ तमिलनाडु ही नहीं, बल्कि राष्ट्रीय राजनीति में भी बड़ी एंट्री साबित होगी।

राज्यसभा चुनाव को लेकर देशभर की राजनीति भी गर्म है। आंध्र प्रदेश, कर्नाटक और गुजरात की चार-चार सीटों समेत कई राज्यों में चुनाव होने हैं। वहीं, तमिलनाडु और महाराष्ट्र में उपचुनाव के कारण राजनीतिक समीकरण बदलते नजर आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि इस बार एनडीए को एक सीट का नुकसान हो सकता है, जबकि कांग्रेस को फायदा मिलने की संभावना जताई जा रही है।

तमिलनाडु में विजय की लोकप्रियता लगातार बढ़ती दिख रही है। फिल्मी दुनिया से राजनीति में आए थलापति विजय ने कम समय में अपनी अलग पहचान बनाई है। विधानसभा चुनाव में मिली बड़ी जीत के बाद अब उनकी पार्टी राज्यसभा तक पहुंचने की दहलीज पर खड़ी है। इससे साफ संकेत मिल रहे हैं कि TVK आने वाले समय में दक्षिण भारत की बड़ी राजनीतिक ताकत बन सकती है।

चुनाव आयोग के मुताबिक 1 जून को अधिसूचना जारी होगी, जबकि 8 जून तक नामांकन दाखिल किए जाएंगे। 18 जून को मतदान और उसी दिन मतगणना होगी। अब सबकी नजर इस बात पर टिकी है कि क्या विजय की पार्टी पहली बार राज्यसभा में अपना प्रतिनिधि भेजकर राष्ट्रीय राजनीति में नया अध्याय लिख पाएगी।

आशुतोष झा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *