पुणे : महाराष्ट्र इस समय मौसम के दो अलग-अलग रूप देख रहा है। एक तरफ विदर्भ क्षेत्र भीषण गर्मी और लू की मार झेल रहा है, तो दूसरी तरफ कोंकण में प्री-मानसून बारिश ने मौसम को सुहाना बना दिया है। मौसम विभाग (IMD) ने राज्य के कई जिलों में हीटवेव को लेकर अलर्ट जारी किया है।
चंद्रपुर जिले के ब्रह्मपुरी में शुक्रवार को 47.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जिसके बाद यह देश का सबसे गर्म शहर बन गया। इसके अलावा वर्धा में 47 डिग्री, नागपुर में 45.7 डिग्री और अमरावती-चंद्रपुर में 46.4 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया। लगातार बढ़ती गर्मी ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं।
कई जिलों में रेड और ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग ने अकोला, अमरावती और वर्धा में रेड अलर्ट जारी किया है। वहीं नागपुर, चंद्रपुर और यवतमाल में ऑरेंज अलर्ट लागू किया गया है। प्रशासन ने लोगों को दोपहर में घर से बाहर न निकलने, ज्यादा पानी पीने और धूप से बचने की सलाह दी है।
विशेषज्ञों के मुताबिक तेज गर्म हवाएं स्वास्थ्य पर गंभीर असर डाल सकती हैं। अस्पतालों में डिहाइड्रेशन और हीट स्ट्रोक के मामलों में भी बढ़ोतरी देखी जा रही है।
25 मई के बाद राहत की उम्मीद
IMD के अनुसार 25 मई के बाद तापमान में हल्की गिरावट आ सकती है। हालांकि विदर्भ के कई हिस्सों में गर्मी का असर बना रहेगा। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक सतर्क रहने की सलाह दी है।
कोंकण में बदला मौसम
दूसरी ओर कोंकण क्षेत्र में मौसम ने करवट लेना शुरू कर दिया है। कई इलाकों में हल्की प्री-मानसून बारिश दर्ज की गई है। बादल छाने और उमस बढ़ने से मानसून की जल्द एंट्री के संकेत मिल रहे हैं। बारिश के कारण लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिली है।
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि अरब सागर में बन रहे सिस्टम के कारण महाराष्ट्र के मौसम में तेजी से बदलाव देखने को मिल रहा है। आने वाले दिनों में राज्य के कई हिस्सों में बारिश और आंधी की गतिविधियां बढ़ सकती है।
आशुतोष झा

