पटना: बिहार की राजनीति में इन दिनों निशांत कुमार की सेहत को लेकर चर्चाएं तेज हैं। स्वास्थ्य मंत्री बनाए जाने के बाद विपक्ष और सोशल मीडिया पर लगातार सवाल उठ रहे थे कि क्या वे स्वास्थ्य विभाग संभालने के लिए पूरी तरह फिट हैं। अब इस पूरे विवाद पर बिहार सरकार के मंत्री श्रवण कुमार ने खुलकर जवाब दिया है।
उन्होंने कहा कि निशांत कुमार पूरी तरह स्वस्थ हैं और लोगों को बिना वजह अफवाहें नहीं फैलानी चाहिए। श्रवण कुमार ने कहा कि हर व्यक्ति की शारीरिक बनावट अलग होती है। कोई घंटों जिम करता है तो कोई मॉर्निंग वॉक करता है, लेकिन फिटनेस का पैमाना सिर्फ यही नहीं होता।
“न जिम जाते हैं, न टहलते हैं, फिर भी फिट हैं”
मीडिया से बातचीत में श्रवण कुमार ने कहा कि निशांत कुमार न जिम जाते हैं और न ही नियमित टहलते हैं, लेकिन वे पूरी तरह सक्रिय और ऊर्जावान हैं। उन्होंने दावा किया कि हाल की यात्रा के दौरान निशांत कुमार लगातार लोगों के बीच रहे, भीषण गर्मी में कार्यकर्ताओं से मिले और पूरे समय सक्रिय नजर आए।
“उन्हें काम करने दीजिए” जेडीयू नेता ने कहा कि निशांत कुमार युवा हैं, उनमें ऊर्जा और नई सोच है। लोगों को उनके काम के आधार पर राय बनानी चाहिए, न कि अफवाहों या सोशल मीडिया टिप्पणियों के आधार पर।
बिहार की राजनीति में बढ़ी चर्चा :
स्वास्थ्य विभाग जैसे अहम मंत्रालय की जिम्मेदारी मिलने के बाद निशांत कुमार लगातार राजनीतिक बहस के केंद्र में हैं। विपक्ष जहां उनकी कार्यक्षमता पर सवाल उठा रहा है, वहीं जेडीयू नेता लगातार उनका बचाव कर रहे हैं।
आशुतोष झा

