राष्ट्रीय

तीन साल तक शादी का सपना दिखा करता रहा शोषण, युवती ने बनाया दबाव तो जबरन पिलाया जहर

डेस्क: मध्य प्रदेश के सागर जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां प्रेम प्रसंग के चलते एक 20 वर्षीय युवती को मौत के मुंह में धकेलने की कोशिश की गई। आरोप है कि शादी का झांसा देकर तीन साल तक संबंध रखने वाले प्रेमी ने युवती को घर बुलाकर मारपीट की और जबरन कीटनाशक पिला दिया। फिलहाल युवती जिला अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रही है।
जानकारी के मुताबिक, जरुआखेड़ा निवासी युवती और नरियावली थाना क्षेत्र के जालंधर निवासी नीलेश कुशवाहा के बीच पिछले तीन साल से प्रेम संबंध थे। बताया जा रहा है कि दोनों की मुलाकात बस से बीना आते-जाते समय हुई थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और प्रेम संबंध बन गए। युवती के परिजनों का आरोप है कि नीलेश ने शादी का वादा कर उसे भरोसे में लिया था।

परिजनों के अनुसार, आरोपी नीलेश ने युवती को बिना बताए दूसरी लड़की से शादी कर ली। जब युवती को इसकी जानकारी मिली, तो वह आरोपी के घर पहुंची। आरोप है कि वहां नीलेश ने दूसरी शादी की बात स्वीकार करते हुए युवती पर रिश्ता खत्म करने का दबाव बनाया। युवती के विरोध करने पर उसने उसके साथ मारपीट की और जबरन कीटनाशक पिला दिया।
जहर पीने के बाद युवती की हालत बिगड़ने लगी, जिसके बाद आरोपी और उसके परिजन उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। हालांकि, पुलिस कार्रवाई के डर से वे युवती को अस्पताल में छोड़कर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलने पर जरुआखेड़ा चौकी पुलिस अस्पताल पहुंची और पीड़िता के बयान दर्ज किए।
पीड़िता के भाई ने आरोपी नीलेश कुशवाहा और उसके परिवार के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज करने की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। आरोपी फिलहाल फरार है और उसकी तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। अस्पताल में भर्ती युवती ने भी पुलिस को दिए बयान में अपने साथ हुई घटना की जानकारी दी और न्याय की मांग की है। फिलहाल डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज जारी है और उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *