स्थानीय

दरभंगा : घनश्यामपुर के आसी गांव में बच्चों के विवाद ने लिया खूनी रूप ! एक शख्स की मौत !

एक आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी

दरभंगा (राजकुमार झा) : घनश्यामपुर थाना क्षेत्र के आसी गांव में बच्चों के मामूली विवाद ने मंगलवार देर शाम खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। जानकारी के अनुसार दो दिन पूर्व आदित्य कुमार साहू एवं राम प्रवेश कुमार महतो के बीच आपसी विवाद हुआ था जो धीरे-धीरे दोनों पक्षों के अभिभावकों तक पहुंच गया। देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि यह हिंसक झड़प में तब्दील हो गया।

इस घटना में सुजीत कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनकी बाद में मृत्यु हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। मृतक की पत्नी अंजू देवी एवं पुत्र शिवम कुमार साहू, सत्यम कुमार साहू और सुंदरम कुमार साहू का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं मृतक के पिता गणेशी साहू ने बताया कि उनका यही एकमात्र सहारा था, उनके दो पुत्रों की पहले ही मृत्यु हो चुकी है।

घटना की सूचना मिलते ही घनश्यामपुर थाना अध्यक्ष आलोक कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। थाना अध्यक्ष आलोक कुमार ने बताया कि मामले की जांच जारी है तथा अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *