राष्ट्रीय

MP: उज्जैन में अवैध रिफिलिंग के दौरान उड़ा मकान, 70% झुलसा युवक

डेस्क: मध्य प्रदेश की धार्मिक नगरी उज्जैन में चंद रुपयों के मुनाफे के चक्कर में लोगों की जान जोखिम में डालने का एक खौफनाक मामला सामने आया है। चिमनगंज मंडी थाना क्षेत्र के कानीपुरा रोड स्थित एमपी नगर में LPG गैस सिलेंडर की अवैध रिफलिंग के दौरान अचानक ब्लास्ट हो गया। इस हादसे में एक युवक 70 प्रतिशत तक झुलस गया है, जबकि आग बुझाने की कोशिश में मकान मालिक भी घायल हो गये हैं।
जानकारी के अनुसार राजस्थान के रहने वाले संदीप और उसके दो साथी कानीपुरा रोड स्थित एक मकान में किराए पर रहते हैं। यह तीनों युवक शहर की ही एक स्थानीय गैस एजेंसी में काम करते हैं। शनिवार सुबह जब संदीप और उसका एक साथी कमरे के अंदर एक बड़े सिलेंडर से दूसरे छोटे सिलेंडर में अवैध रूप से गैस रिफिल कर रहे थे, उसी दौरान पास में ही खड़ा उनका तीसरा साथी सिगरेट पी रहा था। रिफिलिंग के दौरान गैस लीकेज हो रही थी जिसने सिगरेट की चिंगारी पकड़ ली और देखते ही देखते भयानक विस्फोट हो गया।
सिलेंडर ब्लास्ट का धमाका इतना जोरदार था कि पूरा इलाका थर्रा उठा। हादसे में मकान की दीवारें मुख्य द्वार और बाथरूम के लोहे-लकड़ी के दरवाजे पूरी तरह से टूटकर क्षतिग्रस्त हो गए। धमाके के झटके से आसपास के पड़ोसी मकानों की दीवारों में भी दरारें आ गईं। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और मकान मालिक ने आग पर काबू पाने का प्रयास किया, जिसमें मकान मालिक भी मामूली रूप से झुलस गए।
70 फीसदी झुलसे युवक की हालत गंभीर, इंदौर रेफर
हादसे में गंभीर रूप से झुलसे संदीप को स्थानीय लोगों की मदद से तुरंत चरक अस्पताल ले जाया गया, जहाँ प्राथमिक उपचार के बाद उसकी नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे इंदौर के उच्च चिकित्सा केंद्र के लिए रेफर कर दिया है। इंदौर में फिलहाल युवक की हालत चिंताजनक बनी हुई है। घटना की सूचना मिलते ही चिमनगंज मंडी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि अवैध गैस रिफिलिंग और लापरवाही बरतने वाले दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *