डेस्क: उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) के लखीमपुर (Lakhimpur) में शारदा नदी पर बने ऐरा पुल पर गुरुवार शाम एक सड़क हादसे में ट्रक और ऑटो की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और पुल पर यातायात कुछ देर के लिए बाधित रहा।
खमरिया थाना क्षेत्र में शाम करीब सवा चार बजे ट्रक और ऑटो की टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि आटो के परखच्चे उड़ गए। हादसे में कई यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल भिजवाया।
घायलों में ऐश्वर्य अवस्थी निवासी ईदगाह लखीमपुर, शर्मा देवी निवासी ओयल, अख्तर अली निवासी कोड़री तंबौर सीतापुर, छोटू निवासी महाराजनगर धौरहरा और खलीकुन निवासी महाराजनगर खमरिया शामिल हैं।वहीं गंभीर रूप से घायल रामदेवी निवासी खनियापुर लहरपुर सीतापुर, जाहिरा निवासी महाराजनगर धौरहरा तथा एक अज्ञात व्यक्ति को सरकारी अस्पताल नकहा ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने ट्रक चालक को हिरासत में लिया
पुलिस ने ट्रक चालक छुटकन्ने निवासी मरसंडा लहरपुर सीतापुर को हिरासत में ले लिया है। हादसे के बाद मौके पर भारी भीड़ जुट गई। घायलों का इलाज चल रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि टेंपो में करीब 14 सवारियां मौजूद थी जबकि इसका मानक केवल छह या सात सवारी का होता है।

