डेस्क: अमेरिका में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की समग्र लोकप्रियता घटकर 37 प्रतिशत रह गई है और 66 प्रतिशत अमेरिकी नागरिक उनकी आर्थिक नीतियों से संतुष्ट नहीं हैं. एक सर्वेक्षण में यह जानकारी सामने आई है.
अमेरिका में राष्ट्रपति के चार साल के कार्यकाल के बीच में नवंबर में होने वाले चुनावों से पहले इस सर्वेक्षण को काफी अहम माना जा रहा है. सर्वेक्षण के अनुसार, आव्रजन के मुद्दे पर ट्रंप को अपेक्षाकृत बेहतर समर्थन मिला है. अमेरिका-मेक्सिको सीमा पर उनकी नीतियों को 45 प्रतिशत लोगों ने मंजूरी दी, जबकि 54 प्रतिशत ने इस पर असहमति जताई है.
सर्वेक्षण में बड़ी संख्या में अमेरिकियों ने कहा कि वे प्रमुख मुद्दों पर किसी भी राजनीतिक दल पर भरोसा नहीं करते. आव्रजन पर 23 प्रतिशत, अर्थव्यवस्था पर 27 प्रतिशत, अपराध पर 28 प्रतिशत और महंगाई पर 33 प्रतिशत लोगों ने किसी भी दल पर भरोसा नहीं जताया.
अमेरिका के करीब 51 प्रतिशत लोगों ने आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस (AI) के मुद्दे पर भी न तो रिपब्लिकन और न ही डेमोक्रेटिक पार्टी पर भरोसा जताया. ईरान के साथ तनाव ने आर्थिक मुद्दों पर ट्रंप के प्रति विश्वास को प्रभावित किया है, जो 2024 में राष्ट्रपति पद पर दूसरे कार्यकाल के लिए उनकी वापसी में अहम रहा था.

