राष्ट्रीय

ट्रेन की जोरदार टक्कर के बाद तेंदुए ने तोड़ा दम, रेलवे ट्रैक पर वन्यजीवों की मौत से बढ़ रही चिंता

डेस्क: सतना के तिघरा क्षेत्र के पास रेलवे ट्रैक पर रविवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां एक तेंदुए की ट्रेन की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। यह इलाका वन क्षेत्र से जुड़ा हुआ है, जहां अक्सर वन्यजीवों की आवाजाही बनी रहती है।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, तेंदुआ रेलवे ट्रैक पार कर रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रही ट्रेन की चपेट में आ गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तेंदुए ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि प्रथम दृष्टया यह एक दुर्घटना प्रतीत हो रही है, हालांकि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही सतना वन परिक्षेत्र की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने क्षेत्र का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और आसपास के इलाके में सर्चिंग अभियान शुरू किया। टीम यह भी जांच कर रही है कि क्या आसपास और भी वन्यजीवों की मौजूदगी है, ताकि भविष्य में किसी अन्य हादसे को रोका जा सके।

मृत तेंदुए का पोस्टमार्टम कराया जाएगा, जिससे मौत के सटीक कारणों की पुष्टि हो सके। इसके बाद राष्ट्रीय बाघ संरक्षण प्राधिकरण (NTCA) के तय प्रोटोकॉल के तहत तेंदुए का अंतिम संस्कार किया जाएगा। यह प्रक्रिया वन्यजीव संरक्षण के मानकों के अनुरूप की जाती है, जिससे किसी भी तरह की जांच या रिकॉर्ड में पारदर्शिता बनी रहे।
यह कोई पहली घटना नहीं है जब रेलवे ट्रैक पर किसी वन्यजीव की जान गई हो। वन क्षेत्रों से गुजरने वाले रेलवे ट्रैक अक्सर जंगली जानवरों के लिए खतरा बन जाते हैं।विशेषज्ञों का मानना है कि रेलवे ट्रैक के किनारे फेंसिंग वन्यजीवों के लिए अंडरपास ओवरपास ट्रेनों की स्पीड कंट्रोल जैसे उपायों से इस तरह की घटनाओं को काफी हद तक रोका जा सकता है।
वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी भी क्षेत्र में वन्यजीव दिखाई दें तो तुरंत सूचना दें। साथ ही रेलवे प्रशासन से भी समन्वय बनाकर संवेदनशील क्षेत्रों में सतर्कता बढ़ाने की बात कही जा रही है यह घटना एक बार फिर इंसान और वन्यजीवों के बीच बढ़ते संघर्ष और सुरक्षा व्यवस्था की जरूरत को उजागर करती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *