डेस्क: उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) के अंबेडकरनगर जिले (Ambedkarnagar District) के अकबरपुर थाना क्षेत्र स्थित मीरानपुर मुरादाबाद मोहल्ले में हुए सनसनीखेज हत्याकांड के मुख्य आरोपी आमिर (Aamir) को पुलिस ने सोमवार सुबह एक मुठभेड़ (Encounter) में ढेर कर दिया है। पुलिस और बदमाश के बीच यह मुठभेड़ बाईपास के पास हुई। मुठभेड़ में पुलिस टीम के दो जवान भी घायल हो गए। मरैला चौकी प्रभारी राजेश यादव और एसओजी में तैनात सिपाही जाकिर हुसैन के बाएं हाथ में गोली लगी है। दोनों घायल पुलिसकर्मियों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
मुठभेड़ की पूरी जानकारी
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह पुलिस को आरोपी आमिर की लोकेशन बाईपास के पास मिली। घेराबंदी करने पर आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में आरोपी के सीने पर गोली लगी। घायल अवस्था में उसे तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। फिलहाल एसपी प्राची सिंह के अस्पताल पहुंचने का इंतजार किया जा रहा है, जिसके बाद पुलिस आधिकारिक बयान जारी करेगी।
क्या था पूरा मामला?
यह हृदयविदारक घटना शनिवार दोपहर करीब तीन बजे की है। मीरानपुर मुरादाबाद मोहल्ले के निवासी नियाज, जो सऊदी अरब में नौकरी करते हैं, उनके चार मासूम बच्चों—शफीक (14), सऊद (12), उमर (10) और बेटी बयान उर्फ सादिया (8)—की बेरहमी से हत्या कर दी गई थी। बच्चों के सिर पर सिलबट्टे जैसे किसी भारी वस्तु से ताबड़ तोड़ प्रहार किए गए थे।
जांच में आया बड़ा मोड़
इस हत्याकांड ने उस समय नया मोड़ ले लिया जब शुरूआती जांच में पुलिस और स्थानीय लोगों को हत्या का शक बच्चों की मां गासिया खातून पर हुआ, क्योंकि घटना के बाद से ही वह लापता थीं। कयास लगाए जा रहे थे कि मां ने ही इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया और फरार हो गई।
हालांकि, रविवार शाम को स्थिति पूरी तरह बदल गई जब गासिया खातून का शव भी एक नाले से बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने अपनी तफ्तीश की दिशा बदली और आरोपी आमिर की तलाश तेज की, जिसका अंत आज सुबह एनकाउंटर के रूप में हुआ। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि इस सामूहिक हत्याकांड के पीछे आमिर का क्या मकसद था।
बच्चों के बाद मिला था मां का शव
अकबरपुर के मीरानपुर मुरादाबाद में चार बच्चों की हत्या के बाद रविवार शाम मां गासिया खातून का नाले में शव उतराता मिला। छानबीन कर रही पुलिस ने शव मिलने पर आनन-फानन में उसे बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए राजकीय मेडिकल कॉलेज सद्दरपुर भेज दिया। अब तक हत्यारोपी बताई जा रही महिला का शव मिलने के बाद कई सवाल खड़े हो गए हैं। परिवार के लोग हत्या करने का आरोप लगा रहे हैं। पुलिस बच्चों की हत्या के बाद महिला शव मिलने पर अब जांच की दिशा बदल रही है। हालांकि अभी तक कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लगा है।
मुरादाबाद मोहल्ले में शनिवार दोपहर करीब तीन बजे सऊदी अरब में नौकरी करने वाले नियाज के पुत्र शफीक (14), सऊद (12), उमर (10) और बेटी बयान (8) उर्फ सादिया की सिलबट्टे जैसी किसी भारी वस्तु से सिर पर ताबड़तोड़ प्रहार कर हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद से मां गासिया खातून गायब थीं।
बताया जा रहा था कि पति नियाज के सऊदी अरब में पाकिस्तानी महिला से निकाह होने के चलते गासिया खातून से विवाद चल रहा था। इस आधार पर पुलिस ने महिला को ही बच्चों की हत्या का आरोपी माना। बच्चों के बड़े ताऊ सलीम की तहरीर पर पुलिस ने महिला के विरुद्ध हत्या की प्राथमिकी दर्ज कर छानबीन शुरू की थी। रविवार दोपहर करीब दो बजे बच्चों के सुपुर्द-ए-खाक होने के चंद घंटों बाद ही शाम पांच बजे घर से करीब 100 मीटर दूर नाले में महिला का शव पड़ा होने की सूचना मिली।
इस पर एएसपी पश्चिमी हरेंद्र कुमार, सीओ सिटी नितीश कुमार तिवारी और इंस्पेक्टर श्रीनिवास पांडेय मौके पर पहुंचे और चंद मिनटों में ही शव को बाहर निकलवाकर पति नियाज को फोटो भेजकर शिनाख्त कराई। शव मिलने के बाद अब न सिर्फ पूरे घटनाक्रम में नया मोड़ आ गया बल्कि अब तक की तमाम थ्योरी पर भी सवाल उठा दिए हैं। पुलिस के अनुसार महिला के शरीर पर चोटों के निशान नहीं हैं।
एसपी प्राची सिंह ने कहा कि घटनास्थल से कुछ दूरी पर ही नाले में महिला का शव उतराता मिला है। शव पर चोट के कोई निशान नहीं मिले हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। हत्या और आत्महत्या समेत सभी बिंदुओं पर पड़ताल की जा रही है। जल्द पूरे घटनाक्रम का अनावरण कर लिया जाएगा।

