डेस्क : इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के एक बेहद रोमांचक मुकाबले में गुजरात टाइटंस ने टेबल टॉपर पंजाब किंग्स को 4 विकेट से शिकस्त देकर अपनी प्लेऑफ की दावेदारी को और मजबूत कर लिया है। रविवार को खेले गए इस मैच में गुजरात ने न केवल जीत दर्ज की, बल्कि 31 मार्च को पंजाब के हाथों मिली हार का बदला भी चुकता कर लिया। इस जीत के नायक रहे साई सुदर्शन (57 रन) और रन)*, जिन्होंने दबाव के क्षणों में शानदार बल्लेबाजी की।
होल्डर और सिराज की घातक गेंदबाजी, पंजाब की पारी लड़खड़ाई
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी पंजाब किंग्स की शुरुआत बेहद खराब रही। मोहम्मद सिराज ने पहले ही ओवर में प्रियांश आर्य (2) और कूपर कोनोली (0) को चलता कर पंजाब को बैकफुट पर धकेल दिया। इसके बाद जेसन होल्डर ने कहर बरपाते हुए श्रेयस अय्यर (19) और नेहाल वढेरा (0) के विकेट झटके। पंजाब की स्थिति इतनी खराब थी कि एक समय 47 रन पर उसके 5 विकेट गिर चुके थे। होल्डर ने अपने 4 ओवर के कोटे में मात्र 24 रन देकर 4 विकेट चटकाए।
सूर्यांश शेडगे का धमाका, संघर्ष के बाद बनाया सम्मानजनक स्कोर
मुश्किल समय में युवा बल्लेबाज सूर्यांश शेडगे ने मोर्चा संभाला। उन्होंने अनुभवी मार्कस स्टोइनिस (40) के साथ मिलकर छठे विकेट के लिए 79 रनों की महत्वपूर्ण साझेदारी की। शेडगे ने आक्रामक रुख अपनाते हुए मात्र 24 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया, जिसमें उन्होंने मानव सुतार के एक ही ओवर में 27 रन बटोरे। उनकी 57 रनों की तेजतर्रार पारी की बदौलत पंजाब ने 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 163 रन का सम्मानजनक स्कोर बनाया।
सुदर्शन ने रखा संयम, सुंदर ने छक्के के साथ दिलाई जीत
164 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए गुजरात टाइटंस की शुरुआत भी झटकों वाली रही, जब शुभमन गिल जल्दी आउट हो गए। लेकिन साई सुदर्शन ने एक छोर थामे रखा और इस सीजन का अपना तीसरा अर्धशतक जड़ा। उन्होंने जोस बटलर (25) के साथ मिलकर जीत की नींव रखी। अंतिम ओवर में रोमांच चरम पर था, जब गुजरात को 11 रनों की दरकार थी। अरशद खान ने पहली ही गेंद पर चौका लगाया और वाशिंगटन सुंदर ने छक्का जड़कर 19.5 ओवर में टीम को जीत दिला दी।
अंक तालिका का हाल:
पंजाब किंग्स: हार के बावजूद 9 मैचों में 13 अंकों के साथ तालिका में शीर्ष (नंबर 1) पर बरकरार है।
गुजरात टाइटंस: 10 मैचों में यह उनकी छठी जीत है, जिसके साथ वे 12 अंकों के साथ पांचवें स्थान पर पहुंच गए हैं।
प्लेइंग XI
गुजरात टाइटन्स : शुबमन गिल (कप्तान), साई सुदर्शन, जोस बटलर (विकेटकीपर), वाशिंगटन सुंदर, निशांत सिंधु, जेसन होल्डर, राशिद खान, अरशद खान, कगिसो रबाडा, मोहम्मद सिराज, मानव सुथार
पंजाब किंग्स : प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर), प्रियांश आर्य, कूपर कोनोली, श्रेयस अय्यर (कप्तान), मार्कस स्टोइनिस, सूर्यांश शेडगे, नेहल वढेरा, मार्को जानसन, जेवियर बार्टलेट, अर्शदीप सिंह, युजवेंद्र चहल

