नई दिल्ली

दिल्ली को दहला देने वाली वारदात: 17 साल की किशोरी से गैंगरेप के बाद शव खेत में फेंका, टेम्पो और CCTV ने खोला 72 घंटे में राज

डेस्क: राजधानी दिल्ली के स्वरूप नगर इलाके से एक बेहद खौफनाक और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। कुशक रोड के पास एक सुनसान मैदान में 17 साल की एक नाबालिग लड़की का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। शुरुआती जांच के बाद पुलिस ने इस मामले में गैंगरेप और हत्या की पुष्टि की है।

पुलिस ने इस मामले में चार लोगों को हिरासत में लिया है, जिनमें 16 से 17 साल की उम्र के तीन नाबालिग भी शामिल हैं। चौथे आरोपी की पहचान शिवम उर्फ सुदामा के तौर पर हुई है। पुलिस ने बताया कि जांचकर्ताओं ने 50 से ज़्यादा CCTV कैमरों की फुटेज का विश्लेषण किया और एक टेम्पो की आवाजाही को ट्रैक किया, जिसके बाद 72 घंटे के भीतर मामले को सुलझा लिया गया।
पुलिस को 13 सितंबर की सुबह पुलिस को कुशक रोड के पास खाली पड़े मैदान में एक लड़की का शव पड़े होने की सूचना मिली। जब पुलिस मौके पर पहुंची, तो शुरुआती दौर में मृतका की पहचान नहीं हो सकी। फॉरेंसिक जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट से साफ हुआ कि हत्या से पहले किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया था। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए भारतीय न्याय संहिता (BNS) की हत्या व दुष्कर्म की धाराओं के साथ-साथ पॉक्सो (POCSO) एक्ट की धारा 6 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस ने आसपास के इलाकों के CCTV फुटेज की जांच  की। इलाके में संदिग्ध हालात में एक टेम्पो घूमता हुआ दिखा, लेकिन अंधेरे और कम विज़िबिलिटी के कारण शुरुआत में उसका रजिस्ट्रेशन नंबर पता नहीं चल सका। बाद में पुलिस ने संदिग्ध रूट पर गाड़ी की आवाजाही को ट्रैक किया और 50 से ज़्यादा CCTV कैमरों की फुटेज का विश्लेषण किया। आखिरकार उन्हें खड्डा कॉलोनी में खड़ा एक टेम्पो मिला।

टेम्पो के ड्राइवर को हिरासत में लेकर जब कड़ी पूछताछ की गई, तो पूरे अपराध का पर्चा खुल गया। पुलिस ने इस मामले में कुल चार लोगों को पकड़ा है। शिवम उर्फ सुदामा मुख्य बालिग आरोपी है इसके अलावा तीन अन्य आरोपी जिनकी उम्र 16 से 17 साल के बीच है और वे कानूनन नाबालिग हैं।
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल किया गया टेम्पो, दो चाकू और आरोपियों के खून से सने कपड़े बरामद कर लिए हैं। जांच में यह बात भी सामने आई है कि आरोपियों में से एक नाबालिग और पीड़िता पहले से एक-दूसरे से परिचित थे।
फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि लड़की को उस सुनसान जगह पर किस तरह लाया गया और इस पूरी वारदात में किस आरोपी की क्या भूमिका थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *