स्थानीय

दरभंगा : डॉ. दिनेश झा बने संस्कृत विश्वविद्यालय के नए कुलसचिव

कहा- विश्वविद्यालय के हित-विकास के लिए हमेशा रहेंगे सचेष्ट

दरभंगा। डॉ. दिनेश झा कामेश्वर सिंह दरभंगा संस्कृत विश्वविद्यालय के नए कुलसचिव होंगे। राजभवन ने उनकी नियुक्ति सम्बन्धी अधिसूचना आज ही जारी कर दी है। वहीं निवर्तमान कुलसचिव प्रो. ब्रजेशपति त्रिपाठी को सारे उत्तरदायित्वों से मुक्त करते हुए मूल स्थान पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय के अर्थशास्त्र विभाग के लिए विरमित कर दिया गया है। उक्त जानकारी देते हुए पीआरओ डॉ निशिकांत ने बताया कि नव नियुक्त कुलसचिव संस्कृत विश्वविद्यालय के ही अंगीभूत महाविद्यालय महारानी अधिरानी रामेश्वर लता संस्कृत महाविद्यालय, दरभंगा के प्रधानाचार्य हैं और विश्वविद्यालय में सीसीडीसी पद को भी सुशोभित कर रहे हैं। इनकी नियुक्ति अगले तीन वर्षों अथवा सेवानिवृत्ति तिथि तक के लिए, जो पहले हो, की गई है। उधर, नवनियुक्त कुलसचिव डॉ झा ने कहा कि विश्वविद्यालय के हित व विकास के लिए वे हमेशा सचेष्ट रहेंगे। साथ ही, कुलाधिपति व राज्य सरकार के आदेशों- निर्देशों के पालन में भी कोई कोताही नहीं रहेगी। उल्लेखनीय है कि राजभवन से जारी पत्र में कहा गया है कि कुलपति द्वारा 10 अप्रैल को प्रेषित पैनल में से डॉ झा की नियुक्ति की गई है। मृदु स्वभाव व कुशल प्रसाशक की छवि रखने वाले डॉ झा के कुलसचिव बनने पर विश्वविद्यालय के कर्मियों समेत अन्य संस्कृतानुरागियों ने उन्हें बधाई व शुभकामनाएं दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *