डेस्क:पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के दूसरे और अंतिम चरण के तहत आज 142 सीटों पर मतदान जारी है। सुबह से ही कई जिलों में मतदाताओं की लंबी कतारें देखी जा रही हैं, हालांकि इसके साथ ही हिंसा, झड़प और आरोप प्रत्यारोप की घटनाएं भी सामने आई हैं। सात जिलों के जिन क्षेत्रों में दूसरे चरण में मतदान हो रहा है उनमें कोलकाता, उत्तर 24 परगना, दक्षिण 24 परगना, नदिया, हावड़ा, हुगली और पूर्व बर्धमान शामिल हैं। पूर्व बर्धमान में सबसे अधिक मतदान देखने को मिल रहा है। हम आपको बता दें कि चुनाव आयोग द्वारा अंतिम समय में मतदाता सूची में 1468 नाम जोड़े गए, जिससे कुल मतदाताओं की संख्या लगभग 3.22 करोड पहुंच गई है। मतदान के दौरान कई स्थानों से हिंसा और अव्यवस्था की खबरें आई हैं। नदिया जिले में एक मतदान केंद्र पर एक दल के मतदान प्रतिनिधि पर हमले का आरोप लगा, जिसमें वह घायल हो गया। वहीं हावड़ा के बाली इलाके में मशीन में खराबी के कारण तनाव की स्थिति बनी और झड़प भी हुई। कुछ स्थानों पर मतदाताओं ने आरोप लगाया कि उन्हें मतदान से रोका गया और मतदान प्रक्रिया में देरी हुई।

