प्रादेशिक

बिहार : लालू की बेटी रोहिणी आचार्य होंगी सारण से RJD की प्रत्याशी !

पटना : आरजेडी प्रमुख लालू यादव की बेटी रोहिणी आचार्य को सारण लोकसभा सीट से चुनावी मैदान में उतारने की चर्चा चल रही है। हालांकि, आरजेडी ने अभी अपने किसी भी प्रत्याशी के नाम का एलान नहीं किया है।

दरअसल, रोहिणी आचार्य को सारण से चुनावी मैदान में उतारने के बारे में लालू के करीबी एमएलसी सुनील कुमार सिंह ने संकेत दिया है।

राजद एमएलसी ने फेसबुक पोस्ट में कहा है, “सारण प्रमंडल के समस्त पार्टी कार्यकर्ताओं की इच्छा है कि रोहिणी आचार्य को सारण लोकसभा से राष्ट्रीय जनता दल का प्रत्याशी घोषित किया जाए।” हालांकि, रोहिणी के सक्रिय राजनीति में आने की भनक पहले ही लग गई थी। कुछ दिन पहले रोहिणी आचार्य को जनविश्वास महारैली के दौरान लालू यादव ने रोहिणी आचार्य की जमकर तारीफ की थी।

मालूम हो कि रोहिणी आचार्य की सक्रियता जब राजनीतिक रूप से बढ़ी तो वो सबसे पहले सारण में नजर आईं। यहां पर कुछ खास लोगों से मुलाकात की। यहां उन्होंने कहा था कि अगर सारण की जनता उनपर भरोसा करेगी तो वो यहां से चुनाव लड़ सकती हैं। इस बयान के बाद अब तय माना जा रहा है कि रोहिणी सारण में पार्टी की प्रत्याशी होंगी।

बता दें कि जनवरी में नीतीश कुमार के महागठबंधन से नाता तोड़ने के बाद रोहिणी आचार्य ने नीतीश कुमार और बीजेपी पर निशाना साधा था. उन्होंने एक के बाद एक लगातार कई ट्वीट किए थे।

NEWS WATCH