डेस्क:असम में अवैध घुसपैठ के मुद्दे पर एक बार फिर सख्त रुख सामने आया है। राज्य के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने शनिवार देर रात एक बड़ी कार्रवाई का जिक्र करते हुए बताया कि बीस अवैध प्रवासियों को वापस बांग्लादेश भेज दिया गया है। इस वर्ष यह दूसरी सबसे बड़ी कार्रवाई मानी जा रही है, इससे पहले पिछले महीने 21 लोगों को सीमा पार भेजा गया था। मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में साफ किया कि राज्य में अवैध घुसपैठ के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इसे और तेज किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि असम सरकार अब अवैध प्रवासियों के मामले में नई रणनीति अपना रही है। पहले जहां ऐसे लोगों को हिरासत में लेकर लंबी कानूनी प्रक्रिया में उलझा दिया जाता था, वहीं अब उन्हें सीधे सीमा से वापस भेजने की नीति पर जोर दिया जा रहा है। उनका कहना है कि इस तरह की कार्रवाई से न केवल समय की बचत होगी, बल्कि राज्य में अवैध रूप से रह रहे लोगों के खिलाफ तत्काल प्रभावी कदम उठाया जा सकेगा।

