राष्ट्रीय

कल बदले मार्ग से चलेगी इंदौर-पटना एक्सप्रेस

डेस्क: इंदौर (Indore) से बिहार (Bihar) को जोडऩे वाली मुख्य ट्रेन इंदौर-पटना एक्सप्रेस (Indore-Patna Expres) कल बदले हुए मार्ग से चलेगी। पूर्व मध्य रेलवे के दानापुर मंडल में नेऊरा-जट डुमरी जंक्शन के बीच रेल लाइन कनेक्टिविटी (Rail Line Connectivity) कार्य के चलते प्रस्तावित ब्लॉक के कारण इस ट्रेन का रूट बदला जाएगा। इसके कारण कई स्टेशनों के यात्री प्रभावित होंगे।

रेलवे जनसंपर्क विभाग के अनुसार 25 अप्रैल को इंदौर से चलने वाली गाड़ी संख्या 19321 इंदौर-पटना एक्सप्रेस परिवर्तित मार्ग से संचालित की जाएगी। यह ट्रेन अपने निर्धारित रूट के बजाय पं. दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन-गया-पटना होकर चलेगी। इसके कारण इन स्टेशनों तक जाने वाले यात्रियों को सुविधा मिलेगी, वहीं जिन स्टेशनों तक यह ट्रेन नहीं जाएगी उनके यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ेगा। रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले ट्रेन की स्थिति और मार्ग की जानकारी अवश्य जांच लें, ताकि किसी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके।

इन स्टेशनों पर नहीं जाएगी ट्रेन

मार्ग परिवर्तन के कारण दानापुर मंडल के कई प्रमुख स्टेशन इस दौरान छूट जाएंगे, जिनमें आरा जंक्शन, बक्सर, डुमरांव, रघुनाथपुर, बीहिया और दानापुर शामिल हैं। इन तक जाने के लिए ट्रेन में सवार हुए यात्रियों को अन्य विकल्पों से यहां तक पहुंचना पड़ेगा। वहीं इन स्टेशनों से इस ट्रेन में चढऩे वाले यात्रियों को भी परेशानी होगी। इसके साथ ही आज ओखा से चलने वाली 15635 ओखा-गुवाहाटी एक्सप्रेस भी इसी परिवर्तित मार्ग से संचालित होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *