डेस्क:प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने संसद के तीन दिवसीय विशेष सत्र को महिला सशक्तिकरण के इतिहास में एक “ऐतिहासिक कदम” करार दिया है। बुधवार को सत्र की शुरुआत के साथ ही प्रधानमंत्री ने स्पष्ट किया कि उनकी सरकार महिलाओं को राजनीति के मुख्य मंच पर लाने के लिए पूरी तरह संकल्पित है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि महिलाओं का सम्मान और उनकी भागीदारी ही एक सशक्त राष्ट्र की आधारशिला है। प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक प्रेरक पोस्ट के जरिए देश को संबोधित किया। उन्होंने भारत की सांस्कृतिक जड़ों का हवाला देते हुए संस्कृत श्लोक के माध्यम से इस पहल के महत्व को समझाया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा “आज से शुरू हो रहे संसद के विशेष सत्र में, हमारा देश महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम उठाने के लिए पूरी तरह तैयार है। हमारी माताओं और बहनों का सम्मान ही राष्ट्र का सम्मान है, और इसी भावना के साथ हम इस दिशा में पूरी दृढ़ता से आगे बढ़ रहे हैं।

