डेस्क: क्षेत्र में बढ़ते तनाव के बीच पाकिस्तान के दो व्यापारिक जहाज़ों को आखिरकार Strait of Hormuz पार करने की अनुमति दे दी गई। इससे पहले इन जहाज़ों को रोक दिया गया था, जिससे समुद्री गतिविधियों को लेकर अनिश्चितता बढ़ गई थी। ये दोनों जहाज़ पाकिस्तान की सरकारी कंपनी Pakistan National Shipping Corporation (PNSC) के हैं, जिनके नाम “शालीमार” और “खैरपुर” हैं। ईरान और अमेरिका-इज़राइल के बीच बढ़ते तनाव के बाद ये पहले पाकिस्तानी जहाज़ हैं जो फारस की खाड़ी की ओर बढ़े हैं।
अधिकारियों के अनुसार, रविवार को ईरानी अधिकारियों ने इन जहाज़ों को रोक दिया था और उन्हें वापस लौटने को कहा था। लेकिन कुछ समय बाद स्थिति बदली और दोनों जहाज़ों को जलडमरूमध्य पार करने की अनुमति दे दी गई। जहाज़ों के कप्तान आसिफ और शाहीन अब अपने गंतव्य की ओर रवाना हो चुके हैं। एक जहाज़ कुवैत जा रहा है, जबकि दूसरा संयुक्त अरब अमीरात के दास द्वीप की ओर बढ़ रहा है। वहां से ये जहाज़ बड़ी मात्रा में डीजल और कच्चा तेल लेकर पाकिस्तान लौटेंगे।विशेषज्ञों का मानना है कि इस तरह के फैसले यह दिखाते हैं कि हॉर्मुज़ क्षेत्र में हालात बेहद संवेदनशील और बदलते हुए हैं। कभी जहाज़ों को रोका जा रहा है, तो कभी अचानक अनुमति दी जा रही है।

