दरभंगा (आई ए खान): जिले के घनश्यामपुर थाना क्षेत्र के हरसिंगपुर गांव में बुधवार को एक नाबालिग लड़की का बाइक सवार दो युवकों ने उसके घर के दरवाजे से अपहरण कर लिया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए करीब पांच घंटे के भीतर ही लड़की को सकुशल बरामद कर लिया। वहीं, दोनों आरोपियों हरसिंगपुर निवासी मो. अमान और अलीनगर थाना क्षेत्र के पकड़ी गांव निवासी समीर खान की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। घनश्यामपुर थानाध्यक्ष आलोक कुमार ने बताया कि लड़की की मां के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
