दिल्ली (निशांत झा) : राम मंदिर तीर्थ क्षेत्र न्यास के सदस्य कामेश्वर चौपाल (68) का निधन हो गया। उन्होंने दिल्ली के गंगाराम अस्पताल में अंतिम सांस ली। पिछले कुछ दिनों से वह बीमार थे और अस्पताल में भर्ती थे। राम मंदिर आंदोलन में उनकी भूमिका अहम रही थी।
बिहार भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्षा डॉ. धर्मशीला गुप्ता ने गहरी संवेदना जाहिर करते हुए कहा कि श्रीराम जन्मभूमि ट्रस्ट के ट्रस्टी, बिहार के पूर्व विधान पार्षद और अयोध्या में राममंदिर निर्माण की पहली ईंट रखनेवाले मिथिला के सपूत श्रद्धेय कामेश्वर चौपाल जी अब हमारे बीच नहीं रहे। यह हम सभी के लिए अत्यंत दुखद क्षण है। श्रधेय कामेश्वर चौपाल के निधन से न केवल आरएसएस, बल्कि भारतीय जनता पार्टी को भी बड़ी क्षति हुई है। एक स्वयंसेवक के रूप में उनकी सरलता, सुलभता और सजगता हम सभी के लिए हमेशा प्रेरणादायक रहेगी। ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान दें और उनके परिवार को इस कठिन समय में संबल प्रदान करें।