डेस्क:दिल्ली में आज दोपहर उस समय हड़कंप मच गया जब एक तेज रफ्तार कार ने दिल्ली विधानसभा के बाहर लगे सुरक्षा बैरिकेड्स को तोड़ते हुए परिसर में जबरन प्रवेश कर लिया। अधिकारियों के अनुसार, यह घटना लगभग दोपहर 2 बजे हुई, जब उत्तर प्रदेश नंबर की एक कार गेट नंबर-2 को तोड़ते हुए अंदर घुस गई। पुलिस के मुताबिक, वाहन तेज और लापरवाही से चलाया जा रहा था। अचानक हुई इस घुसपैठ से मौके पर अफरा-तफरी मच गई और सुरक्षा कर्मियों ने तुरंत स्थिति को संभालने की कोशिश की। दिल्ली सचिवालय के एक अधिकारी ने बताया कि चालक विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता के कार्यालय की ओर बढ़ा और पोर्च के पास एक फूलों का गुलदस्ता रखकर वापस लौट गया। इस दौरान मौजूद अधिकारियों ने कार को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक मौके से फरार होने में सफल रहा। घटना के बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए वाहन और चालक की तलाश शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि कार ने सुरक्षा की कई परतों को पार किया, जिससे सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
