अन्य

घरेलू गैस एलपीजी को पारदर्शी ढंग से वितरण के लिए लगातार मॉनिटरिंग, एल.पी.जी गैस की पर्याप्त मात्रा उपलब्ध : सुरेश कुमार, जिला आपूर्ति पदाधिकारी 

दरभंगा। जिला आपूर्ति पदाधिकारी श्री सुरेश कुमार एवं उप निदेशक, जन सम्पर्क श्री सत्येन्द्र प्रसाद द्वारा संयुक्त रूप से संवाददाता को संबोधित करते हुए कहा कि जिले में आज कुल 3,514 एल.पी.जी गैस सिलेंडर का वितरण हुआ है, जिसमें दरभंगा सदर अनुमण्डल में 1,893, बेनीपुर अनुमण्डल में 191 एवं बिरौल अनुमण्डल में 1,430 शामिल है। जिला आपूर्ति पदाधिकारी ने बताया जिले में 8,129 एल.पी.जी गैस सिलेंडर एजेंसियों के गोदामों में शेष हैं।उन्होंने आगे बताया कि 07 अप्रैल, 2026 को लगभग 7,238 एल.पी.जी गैस सिलेंडरों की आपूर्ति की संभावना है, जबकि उसी दिन 15,367 सिलेंडरों के वितरण का लक्ष्य निर्धारित है। उन्होंने कहा कि एल.पी.जी गैस सिलेंडर से संबंधित जिले में प्राप्त शिकायतों के समाधान के लिए जिला स्तर पर नियंत्रण कक्ष संचालित है, जिसका दूरभाष संख्या 06272-245055 है। जिला आपूर्ति पदाधिकारी ने कहा कि उपभोक्ताओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सभी गैस एजेंसियों द्वारा होम डिलीवरी सेवा जारी है। इससे उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर सीधे उनके घर तक उपलब्ध कराया जा रहा है। उप निदेशक सत्येन्द्र प्रसाद ने कहा कि जिले में एलपीजी गैस की कोई कमी नहीं है और सभी उपभोक्ताओं के लिए पर्याप्त मात्रा में गैस उपलब्ध है। बुकिंग के उपरांत 1 से 2 दिनों के भीतर उपभोक्ताओं को होम डिलीवरी के माध्यम से गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जिला नियंत्रण कक्ष में प्राप्त शिकायतों का त्वरित निवारण संबंधित गैस एजेंसियों के माध्यम से किया जा रहा है, जिससे उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान संवाददाताओं द्वारा दिए गए सुझावों को भी गंभीरता से लेते हुए संबंधित एजेंसियों को आवश्यक निर्देश दिए गए। जिला प्रशासन, दरभंगा जिलावासियों से अपील करती है अफवाहों पर ध्यान न दें तथा अनावश्यक रूप से गैस सिलेंडरों का भंडारण न करें। उन्होंने आश्वस्त किया जिले में आपूर्ति की समुचित व्यवस्था है और सभी उपभोक्ताओं को समय पर गैस उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने कालाबाजारी एवं जमाखोरी करने वाले तत्वों को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी। जिलाधिकारी ने निर्देश के आलोक में जिले के वरीय अधिकारियों द्वारा कालाबाजारी पर रोक लगाने हेतु नियमित रूप से सघन छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है।

जिला प्रशासन द्वारा गैस वितरण व्यवस्था की सतत एवं गहन निगरानी की जा रही है, ताकि सभी उपभोक्ताओं को समय पर आवश्यक सेवाएं उपलब्ध हो सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *