खेल

IPL 2026 : RCB के टिम डेविड और रजत पाटीदार ने निकाला CSK के गेंदबाजों का दम, 5 ओवर में 97 रन कूटे…

डेस्क: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने लगातार दूसरी जीत हासिल की. रविवार (5 अप्रैल) को बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) को 43 रनों से हराया. मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 3 विकेट पर 250 रन बनाए.

इसके जवाब में चेन्नई सुपर किंग्स की पूरी टीम 19.4 ओवरों में 207 रनों पर सिमट गई. इस जीत के साथ डिफेंडिंग चैम्पियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु अंकतालिका में पहले स्थान पर पहुंच गई. जबकि पांच बार की चैम्पियन सीएसके को लगातार तीसरी हार झेलनी पड़ी है और वो अंकतालिका में आखिरी स्थान पर है.

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को पूर्व कप्तान विराट कोहली ने तेज शुरुआत दिलाई. उन्होंने 18 गेंदों पर 28 रन बनाए. इसके बाद फिल साल्ट (46 रन) और देवदत्त पडिक्कल (50 रन) ने अहम पारियां खेलते हुए टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया. पडिक्कल ने कप्तान रजत पाटीदार के साथ मिलकर तीसरे विकेट के लिए 58 रनों की साझेदारी की.

डेविड-पाटीदार की चली आंधी

मैच का सबसे बड़ा मोड़ रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की इनिंग्स के दौरान आखिरी ओवरों में आया, जब रजत पाटीदार और टिम डेविड ने चेन्नई सुपर किंग्स के गेंदबाजों की जमकर धुनाई की. दोनों बल्लेबाजों ने चौथे विकेट के लिए सिर्फ 35 गेंदों पर 99 रनों की नाबाद साझेदारी की. खास बात यह रही कि आरसीबी ने आखिरी 5 ओवरों में 97 रन ठोक डाले.

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की पारी के 16वें ओवर में 19, 17वें ओवर में 21, 18वें ओवर में 14, 19वें ओवर में 30 और आखिरी ओवर में 13 रन बने. टिम डेविड ने 25 गेंदों पर नाबाद 70 रन बनाए, जिसमें 8 छक्के और 3 चौके शामिल थे. जबकि रजत पाटीदार ने 19 बॉल पर 48 रनों की नाबाद पारी खेली, जिसमें 6 छक्के और एक चौका शामिल था.
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का ये तीसरा सबसे बड़ा स्कोर रहा. साथ ही चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ पहली बार आरसीबी ने इतने रन बनाए. आरसीबी की ओर से इस मैच में 19 छक्के लगे, जो आईपीएल की एक पारी में आरसीबी द्वारा लगाए गए तीसरे सबसे अधिक छक्के हैं. साथ ही सीएसके के खिलाफ किसी भी टीम द्वारा एक पारी में लगाए गए सबसे अधिक सिक्सर भी हैं.

RCB के सर्वोच्च इनिंग्स स्कोर

263/5 बनाम पुणे वॉरियर्स, बेंगलुरु, 2013
262/7 बनाम सनराइजर्स हैदराबाद, बेंगलुरु, 2024
250/3 बनाम चेन्नई सुपर किंग्स, बेंगलुरु, 2026
248/3 बनाम गुजरात लॉयन्स, बेंगलुरु, 2016
241/7 बनाम पंजाब किंग्स, धर्मशाला, 2024

RCB के लिए नंबर 5 या उससे निचले क्रम में सर्वाधिक छक्के

9- युवराज सिंह बनाम दिल्ली कैपिटल्स, 2014
8- एबी डी विलियर्स बनाम सनराइजर्स हैदराबाद, 2014
8- टिम डेविड बनाम चेन्नई सुपर किंग्स, 2026
251 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी चेन्नई सुपर किंग्स की शुरुआत बेहद खराब रही और टीम ने पावरप्ले में ही तीन विकेट गंवा दिए. जैकब डफी ने सलामी बल्लेबाजों ऋतुराज गायकवाड़ (7 रन) और संजू सैमसन (9 रन) को चलता किया, जबकि भुवनेश्वर कुमार ने युवा बल्लेबाज आयुष म्हात्रे (1 रन) को पवेलियन भेजा. सरफराज खान ने 25 गेंदों पर 50 रन बनाकर टीम को संभालने की कोशिश की, लेकिन उन्हें क्रुणाल पंड्या ने आउट कर दिया.

मध्यक्रम में शिवम दुबे (18 रन) भी ज्यादा देर टिक नहीं सके. जेमी ओवर्टन (37 रन) और प्रशांत वीर (43 रन) ने सातवें विकेट के लिए 57 रनों की साझेदारी कर कुछ उम्मीदें जगाईं, लेकिन उनके आउट होते ही चेन्नई सुपर किंग्स की हार एक तरह से तय हो गई.

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने एकतरफा अंदाज में मुकाबला अपने नाम करते हुए खतरनाक इरादे जता दिए हैं. वहीं चेन्नई सुपर किंग्स की मुश्किलें बढ़ चुकी हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *