राष्ट्रीय

आम आदमी पार्टी के आरोपों पर राघव चड्ढा का पलटवार, संसद में उठाए मुद्दों का दिया हिसाब

डेस्क:राघव चड्ढा ने आम आदमी पार्टी के उन आरोपों को झूठा और बेबुनियाद बताते हुए सिरे से खारिज कर दिया है, जिनमें कहा गया था कि वे संसद में पंजाब के मुद्दे उठाने में नाकाम रहे। रविवार को जारी एक बयान में चड्ढा ने इन आरोपों को राजनीति से प्रेरित और दुर्भावनापूर्ण करार दिया। गौरतलब है कि हाल ही में राघव चड्ढा को राज्यसभा में पार्टी के उप-नेता पद से हटाकर उनकी जगह अशोक मित्तल को नियुक्त किया गया था। पद से हटाए जाने के बाद पार्टी के ही कुछ हलकों से उन पर सवाल उठाए जा रहे थे। चड्ढा ने अपने बचाव में कहा, ‘संसद की कार्यवाही पर नजर रखने वाला हर व्यक्ति सच्चाई जानता है। मैंने सदन में पंजाब की चिंताओं को हमेशा प्रमुखता और मजबूती से उठाया है। यह कोई प्रोपेगैंडा नहीं बल्कि आधिकारिक रिकॉर्ड का हिस्सा है, जिसे कोई भी जांच सकता है।’

राघव चड्ढा पर मुख्य आरोप यह था कि वे केंद्र सरकार से पंजाब के बकाया फंड को लेकर आवाज उठाने में विफल रहे। इन आरोपों का जवाब देते हुए सांसद ने एक वीडियो भी साझा किया, जिसमें वे 2024 में राज्यसभा के भीतर इसी मुद्दे पर केंद्र सरकार को घेरते नजर आ रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *