गुवाहाटी: असम विधानसभा चुनाव 2026 के अंतिम चरण के प्रचार के बीच राजनीतिक माहौल गरमा गया है। कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा की पत्नी पर तीन पासपोर्ट रखने का आरोप लगाते हुए बड़ा सवाल खड़ा किया है।
नई दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान खेड़ा ने दावा किया कि सरमा की पत्नी के पास तीन देशों के पासपोर्ट हैं, जिनमें दो मुस्लिम देशों के बताए जा रहे हैं। उन्होंने इस मुद्दे पर सरकार और जांच एजेंसियों से जवाब मांगा और सवाल उठाया कि क्या यह भारतीय कानूनों का उल्लंघन है।
इन आरोपों पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने सभी आरोपों को निराधार बताया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस द्वारा पेश किए गए दस्तावेज फर्जी और भ्रामक हैं। सरमा ने चेतावनी दी कि वे अगले 48 घंटों में पवन खेड़ा के खिलाफ आपराधिक और दीवानी मानहानि का मुकदमा दर्ज कराएंगे।
इस विवाद के बीच राहुल गांधी ने भी चुनावी सभा में सरमा पर निशाना साधते हुए उन्हें “देश के सबसे भ्रष्ट मुख्यमंत्रियों में से एक” बताया और केंद्र नेतृत्व पर भी सवाल उठाए।
गौरतलब है कि असम विधानसभा चुनाव 2026 के लिए 9 अप्रैल को मतदान होना है। ऐसे में यह मुद्दा चुनावी बहस का बड़ा केंद्र बन गया है और दोनों दल एक-दूसरे पर तीखे हमले कर रहे हैं।
आशुतोष झा
