खेल

IPL 2026 के दूसरे फेज का शेड्यूल जारी, खेले जाएंगे 50 मुकाबले, 13 अप्रैल से होगी जंग

डेस्क: इंड‍ियन प्रीम‍ियर लीग (IPL 2026) के दूसरे फेज का पूरा शेड्यूल जारी कर दिया है. टूर्नामेंट का यह अहम फेज 13 अप्रैल से शुरू होकर 24 मई 2026 तक चलेगा, जिसमें लीग स्टेज के बाकी 50 मुकाबले खेले जाएंगे. दूसरे फेज के मुकाबले देश के 12 शहरों में होंगे. इनमें बेंगलुरु, मुंबई, चेन्नई, कोलकाता, दिल्ली, अहमदाबाद, हैदराबाद, लखनऊ, जयपुर, धर्मशाला, रायपुर और न्यू चंडीगढ़ शाम‍िल हैं. जैसे-जैसे टूर्नामेंट आगे बढ़ेगा, प्लेऑफ में जगह बनाने की रेस और भी रोमांचक होने की उम्मीद है.

इस दूसरे फेज की शुरुआत 13 अप्रैल को होगी, जहां हैदराबाद में सनराइजर्स हैदराबाद और राजस्थान रॉयल्स आमने-सामने होंगी. यह मुकाबला दूसरे फेज के हाई-वोल्टेज शेड्यूल की शुरुआत करेगा. फैन्स के लिए इस बार भी डबल-हेडर का खास इंतजाम किया गया है. कुल 8 डबल-हेडर खेले जाएंगे, जिनमें दोपहर के मैच 3:30 बजे और शाम के मुकाबले 7:30 बजे से शुरू होंगे.

टीमों के होम वेन्यू में भी कुछ बदलाव देखने को मिलेंगे. पंजाब किंग्स अपने घरेलू मैच न्यू चंडीगढ़ और धर्मशाला में खेलेगी, जिसमें धर्मशाला में तीन मुकाबले शामिल हैं. राजस्थान रॉयल्स जयपुर में चार होम मैच खेलेगी. वहीं, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु तीन मैच बेंगलुरु और दो मुकाबले रायपुर में खेलेगी.

कब होंगे प्लेऑफ के मुकाबले, अभी नहीं आई तारीख

BCCI ने बताया है कि प्लेऑफ मुकाबलों के वेन्यू की घोषणा बाद में की जाएगी. जैसे-जैसे लीग स्टेज अपने अंतिम दौर में पहुंचेगा, टीमों के बीच प्लेऑफ की जंग और भी दिलचस्प होती जाएगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *