खेल

IPL 2026 से पहले टिकट ब्लैकिंग गैंग का खुलासा, मुंबई में पूर्व U-19 क्रिकेटर गिरफ्तार

डेस्क: इंडियन प्रीमियर लीग 2026 (Indian Premier League) के शुरू होने से ठीक पहले टिकटों की कालाबाजारी (Ticket Black Marketing) का बड़ा मामला सामने आया है। मुंबई पुलिस ने ICC T20 वर्ल्ड कप से जुड़े सेमीफाइनल मुकाबले के टिकट ब्लैक करने वाले एक रैकेट का भंडाफोड़ करते हुए पूर्व अंडर-19 क्रिकेटर को गिरफ्तार किया है।

यह कार्रवाई 5 मार्च को वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए भारत बनाम इंग्लैंड सेमीफाइनल मैच के टिकटों की अवैध बिक्री के मामले में की गई। जांच के दौरान पुलिस ने 26 वर्षीय बलवंत सिंह सोधा को पकड़ा, जो कभी मुंबई की अंडर-19 टीम का हिस्सा रह चुका है और वर्तमान में कोचिंग से जुड़ा हुआ है।
पुलिस के मुताबिक, सोधा इस पूरे नेटवर्क का अहम सदस्य था और टिकटों की व्यवस्था करता था। इसके बाद उसके साथी इन टिकटों को ऊंची कीमतों पर बेचते थे। जांच में खुलासा हुआ है कि सेमीफाइनल मुकाबले के टिकट 25 हजार से 35 हजार रुपये तक में बेचे गए।

इस मामले में अब तक कुल छह आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जिनमें एक कॉलेज का स्पोर्ट्स टीचर, नॉन-टीचिंग स्टाफ और अन्य लोग शामिल हैं। पूरे मामले की जांच डीबी मार्ग पुलिस स्टेशन द्वारा की जा रही है। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि ये टिकट मुंबई क्रिकेट संघ या उससे जुड़े क्लबों के मेंबर्स और गेस्ट्स को मिलने वाले कॉम्प्लिमेंट्री पास हो सकते हैं। आरोप है कि इन्हें अवैध तरीके से हासिल कर ब्लैक मार्केट में बेचा गया।

पुलिस को यह भी पता चला है कि कुछ टिकट सीधे ग्राहकों को बेचे गए, जबकि कई मामलों में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स का इस्तेमाल किया गया। गुरुवार को आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। फिलहाल पुलिस इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी हुई है और पूरे मामले की गहराई से जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *