दरभंगा : रामनवमी पर्व को लेकर जिला प्रशासन सतर्क है. गुरुवार को जिला पदाधिकारी कौशल कुमार एवं एसएसपी जगुनाथ रेड्डी जलारेडी के नेतृत्व में लहेरियासराय, उर्दू, सहित शहर के विभिन्न क्षेत्र में फ्लैग मार्च निकाला गया. इस दौरान अधिकारियों ने विभिन्न क्षेत्रों में पैदल मार्च कर आमजनों से आपसी भाईचारे एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में पर्व मनाने की अपील की. फ्लैग मार्च के दौरान अधिकारियों ने रामनवमी शोभायात्रा निकालने वाली कमेटियों से मुलाकात कर दिशा-निर्देश भी दिये. डीएम ने कहा कि रामनवमी के सफल आयोजन को लेकर सभी प्रशासनिक तैयारी पूरी कर ली गयी है संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष चौकसी बरती जा रही है तथा सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रहेगी. एसएसपी ने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार के उपद्रव, विवाद या अवांछनीय गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जायेगा. उन्होंने बताया आदेश का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई की जायेगी. सभी शोभायात्राएं निर्धारित रूट एवं लाइसेंस के आधार पर ही निकाली जाएंगी, एसएसपी ने कहा कि पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जगह-जगह दंडाधिकारी के साथ पुलिस बल की तैनाती रहेगी. सोशल मीडिया पर भी पुलिस की पैनी नजर रहेगी, ताकि अफवाह या भ्रामक सूचना फैलाने वालों पर तत्काल कार्रवाई की जा सके. मार्च में सिटी एसपी अशोक कुमार, सदर एसडीओ, एसडीपीओ सहित सभी थाना के थानाध्यक्ष व अन्य अधिकारी शामिल थे.
