अंतरराष्ट्रीय

इस्राइल का ईरान पर ताबड़तोड़ हमला, धमाकों से गूंजा तेहरान

डेस्क: इस्राइली सेना (Israeli Army) ने कहा है कि उन्होंने ईरान (Iran) पर ताबड़तोड़ हमले किए हैं, जिनमें ईरानी सरकार के कई ठिकानों को निशाना बनाया गया। राजधानी तेहरान (Tehran) में धमाकों की आवाज सुनी गई है।

आईईए प्रमुख बोले- पश्चिम एशिया में हालात बेहद खराब

अंतरराष्ट्रीय ऊर्जा एजेंसी (आईईए) के कार्यकारी निदेशक फतीह बिरोल ने चेतावनी दी है कि पश्चिम एशिया में हालात बेहद खराब हैं। उन्होंने कहा कि साल 1970 में जो हालात थे, मौजूदा हालात उससे भी खराब हैं। ऑस्ट्रेलिया में मीडिया से बात करते हुए बिरोल ने कहा कि मौजूदा संकट का सबसे बड़ा समाधान होर्मुज स्ट्रेट को खोलना है, जिसे ईरान ने आंशिक रूप से बाधित किया हुआ है।

ईरान ने होर्मुज स्ट्रेट पूरी तरह से बंद करने की धमकी दी

अमेरिका द्वारा ईरान को 48 घंटे का अल्टीमेटम देने और ईरान के ऊर्जा ठिकानों पर हमले की धमकी के बाद ईरान ने भी पलटवार किया है। ईरान ने कहा है कि अगर उनके पावर प्लांट्स पर हमले होते हैं तो वे होर्मुज जलडमरूमध्य को पूरी तरह से बंद कर देंगे।

अबू धाबी में मिसाइल नष्ट, मलबे से भारतीय घायल

यूएई की राजधानी अबू धाबी में मिसाइल हमले के दौरान गिरे मलबे से एक भारतीय नागरिक घायल हो गया। अबू धाबी मीडिया ऑफिस के मुताबिक, यह घटना तब हुई जब एयर डिफेंस सिस्टम ने राजधानी की ओर बढ़ती बैलिस्टिक मिसाइल को हवा में ही नष्ट कर दिया।मलबा अल शावामेख इलाके में गिरा, जिससे स्थानीय लोग और आसपास के निवासी डर और अफरातफरी में पड़ गए। अधिकारियों ने तुरंत इलाके को सुरक्षित कर मलबा हटाने का काम शुरू किया। घायल भारतीय नागरिक को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

अमेरिका में ईरान युद्ध पर विरोध

संयुक्त राज्य अमेरिका में डेमोक्रेटिक पार्टी के वरिष्ठ नेता चक शूमर ने ईरान के खिलाफ अमेरिकी सैन्य अभियान को तुरंत समाप्त करने की मांग की है। उन्होंने एक्स पर लिखा “अब काफी हो चुका। इस युद्ध को समाप्त किया जाए।” शूमर ने चेतावनी दी कि कुछ रिपब्लिकन सीनेटर भी खुलकर मान रहे हैं कि प्रशासन पश्चिम एशिया में क्या हासिल करना चाहता है, उन्हें पता नहीं।

उन्होंने आगे कहा कि इस युद्ध पर अरबों डॉलर खर्च किए जा रहे हैं, जिससे अमेरिकी नागरिकों को ईंधन की कीमतों में प्रत्यक्ष असर महसूस हो रहा है। उदाहरण के लिए, अब अमेरिका में गैस की औसत कीमत $3.94 प्रति गैलन पहुंच गई है।

तेल बाजार में उछाल

अंतरराष्ट्रीय तेल बाजार में भी तेजी देखने को मिली है। अमेरिकी मानक क्रूड डब्ल्यूटीआई मई डिलीवरी के लिए 1.78% बढ़कर $100.10 प्रति बैरल पर पहुंच गया। इसी तरह, ब्रेंट क्रूड की कीमत 1.73% बढ़कर $113.44 प्रति बैरल दर्ज की गई। यह उछाल शिकागो मर्केंटाइल एक्सचेंज में बाजार खुलते ही दर्ज किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *