
दरभंगा। पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान 2026 के तहत आगामी 20 मार्च से दरभंगा नगर विधानसभा में आयोजित होने वाले मंडल सह प्रशिक्षण वर्ग की तैयारी को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में कार्यक्रम की सफलता सुनिश्चित करने हेतु विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। प्रशिक्षण वर्ग के आयोजन,प्रतिभागियों की उपस्थिति, व्यवस्था तथा कार्यक्रम की रूपरेखा को लेकर जिम्मेदारियों का निर्धारण किया गया। मौके पर जिला उपाध्यक्ष राजू तिवारी ने कहा आगामी 20 मार्च को महात्मा गांधी महाविद्यालय में दरभंगा सदर मंडल के प्रशिक्षण वर्ग का शुभारंभ होगा। इस वर्ग का उद्घाटन बिहार भाजपा के अध्यक्ष संजय सरावगी करेंगे। उन्होंने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी के विचारों एवं सिद्धांतों को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से यह प्रशिक्षण महा अभियान चलाया जा रहा है। कार्यकर्ताओं को वैचारिक रूप से सशक्त एवं संगठनात्मक दृष्टि से मजबूत बनाने में इस प्रकार के प्रशिक्षण वर्ग की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। बैठक में मौजूद पदाधिकारियों ने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ कार्य करने का संकल्प लिया। सभी मंडलों से अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं की सहभागिता सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
बैठक में जिला महामंत्री संतोष पोद्दार, विधानसभा प्रभारी मुकुंद चौधरी,विधानसभा संयोजक लक्ष्मण कास्यंकार, विधानसभा संयोजक मुकुंद चौधरी उपस्थित थे।