
दरभंगा। संसदीय राजभाषा समिति की तीसरी उप समिति की सदस्य एवं राज्यसभा सांसद डॉ. धर्मशीला गुप्ता ने समिति के अन्य सदस्यों के साथ अमृतसर तथा आसपास के केंद्रीय कार्यालयों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के क्रम में उन्होंने कार्यपालक अभियंता (विद्युत) सीपीडब्ल्यूडी, जालंधर तथा सीमा शुल्क कार्यालय, अमृतसर में अधिकारियों के साथ बैठक कर राजभाषा हिन्दी के उपयोग की स्थिति की समीक्षा की। बैठक के बिच डॉ. धर्मशीला गुप्ता ने सरकारी कार्यों, पत्राचार, अभिलेखों में हिन्दी के अधिकाधिक प्रयोग पर जोर दिया। उन्होंने कहा केंद्र सरकार की राजभाषा नीति के अनुरूप कार्यालयों में हिन्दी का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाना चाहिए। अधिकारियों के साथ विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा करते हुए उन्होंने राजभाषा के प्रयोग को बढ़ावा देने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी जारी किए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कर्मचारियों को हिन्दी में कार्य करने के लिए प्रोत्साहित किया जाए तथा राजभाषा से जुड़े प्रशिक्षण कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित किए जाएं। निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।