मनोरंजन

13 साल तक रही दुश्मनी; अब मंच पर साथ हंसते हैं मनोज तिवारी और रवि किशन

डेस्क: भोजपुरी सिनेमा (Bhojpuri Cinema) के दो बड़े सितारे मनोज तिवारी (Manoj Tiwari) और रवि किशन (Ravi Kishan) आज भले हीअच्छे दोस्त और एक ही पार्टी के नेता हों, लेकिन एक समय ऐसा भी था जब दोनों के बीच 13 साल तक जबरदस्त दुश्मनी रही। हाल ही में टीवी शो द ग्रेट इंडियन कपिल शो में रवि किशन ने इस पुराने विवाद को लेकर कई दिलचस्प बातें बताईं।

शो में दिया मनोज तिवारी को जवाब

दरअसल, इससे पहले शो के एक एपिसोड में दिनेश लाल यादव निरहुआ ने कहा था कि रवि किशन को राजनीति में लाने का श्रेय मनोज तिवारी को जाता है। इस पर मनोज तिवारी ने मजाकिया अंदाज में कहा था कि “ये बात वो मानें तब ना।”

अब शो के नए एपिसोड में रवि किशन ने इस पर जवाब देते हुए कहा कि मनोज तिवारी उनके जूनियर हैं। उन्होंने मजाक में कहा कि मनोज को मुंबई घुमाने से लेकर ब्लैक कॉफी पीना और यहां तक कि संसद में बोलने का आत्मविश्वास भी उन्होंने ही सिखाया।

बनारस घाट का किस्सा भी सुनाया

रवि किशन ने शो में एक पुराना किस्सा सुनाते हुए कहा कि फिल्म कन्यादान की शूटिंग के दौरान वाराणसी के घाट पर मनोज तिवारी पहली बार इतने बड़े फिल्म कैमरे के सामने आए थे।
उन्होंने कहा कि उस समय उन्होंने ही मनोज को फिल्मी माहौल से परिचित कराया और कई चीजें सिखाईं।

13 साल तक नहीं करते थे बात

हालांकि आज दोनों के रिश्ते सामान्य हैं, लेकिन करियर के शुरुआती दौर में दोनों के बीच कड़ा कॉम्पिटिशन और ईगो क्लैश था। बताया जाता है कि करीब 13 साल तक दोनों ने एक-दूसरे से बात तक नहीं की।

रवि किशन ने एक इंटरव्यू में बताया था कि उस दौर में दोनों एक-दूसरे के साथ स्टेज शेयर करना भी पसंद नहीं करते थे। अगर किसी कार्यक्रम में पता चलता कि सामने वाला आ रहा है तो दूसरा रास्ता बदल लिया जाता था।

फिल्म में मार खाने से किया था इनकार

रवि किशन ने यह भी खुलासा किया था कि एक फिल्म की शूटिंग के दौरान उनके किरदार को मनोज तिवारी के किरदार से मार खानी थी, लेकिन ईगो क्लैश के चलते उन्होंने ऐसा करने से मना कर दिया।

उनका कहना था कि उस समय दोनों एक-दूसरे को कड़ा प्रतियोगी मानते थे और फैंस भी नहीं चाहते थे कि उनका पसंदीदा हीरो किसी दूसरे के सामने कमजोर दिखे।

अब दोस्ती में बदली पुरानी राइवलरी

समय के साथ दोनों के रिश्ते बदल गए। अब रवि किशन और मनोज तिवारी अच्छे दोस्त हैं और दोनों ही भारतीय जनता पार्टी से जुड़े हुए हैं। कई मौकों पर दोनों को साथ मंच साझा करते और हंसी-मजाक करते देखा जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *