खेल

T20 World Cup: चैम्पियन पर होगी पैसों की बारिश, हारने वाली टीम को क्या मिलेगा?

डेस्क: आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप (T20 World Cup) 2026 का फाइनल (Final) रविवार (8 मार्च) को अहमदबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाना है. इस खिताबी मुकाबले में भारत (India) और न्यूजीलैंड (New Zealand) की टीमें आमने-सामनें होंगी. न्यूजीलैंड ने पहले सेमीफाइनल में साउथ अफ्रीका को 9 विकेट से परास्त किया था. वहीं भारतीय टीम ने इंग्लैंड को 7 रनों से हराकर खिताबी मुकाबले में एंट्री ली है. भारतीय टीम की कोशिश लगातार दूसरी बार टी20 वर्ल्ड कप जीतने पर होगी. वहीं न्यूजीलैंड ने अब तक टी20 वर्ल्ड कप नहीं जीता है.

खिताबी मुकाबले के बाद विजेता और उप-विजेता टीम्स पर पैसों की बारिश होगी. रिपोर्ट्स के मुताबिक टी20 वर्ल्डकप 2026 जीतने वाली टीम को 3 मिलियन डॉलर (लगभग 27.50 करोड़ रुपये) मिलेंगे. वहीं फाइनल हारने वाली टीम यानी रनर अप को 1.6 मिलियन डॉलर (लगभग 14.67 करोड़ रुपये) की प्राइज मनी मिलेगी.

वहीं सेमीफाइनल में हारने वाली टीमों इंग्लैंड और साउथ अफ्रीका को एक समान 0.79 मिलियन डॉलर (लगभग 7.24 करोड़ रुपये) मिलने हैं. अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने प्राइज मनी को अलग-अलग स्टेज के हिसाब से बांटा है, ताकि सभी टीमों को फायदा मिल सके. 5वें से 12वें स्थान तक की टीमों को एक समान 0.38 मिलियन डॉलर (लगभग ₹3.48 करोड़ रुपये) दिये जाने हैं. वहीं 13वें से 20वें पायदान पर रहने वाले टीमों के लिए एक समान 0.25 मिलियन डॉलर (लगभग 2.29 करोड़ रुपये) की प्राइज मनी निर्धारित की गई.

आईसीसी बांट रही रिकॉर्डतोड़ मनी

आईसीसी ने इस बार कुल 13.5 मिलियन डॉलर (लगभग 123.77 करोड़) का प्राइज पूल रखा है, जो 2024 के टी20 वर्ल्ड कप की तुलना में करीब 20 प्रतिशत ज्यादा है. पिछले टी20 वर्ल्ड कप में आईसीसी ने 11.25 मिलियन डॉलर बांटे थे. विजेता भारतीय टीम को 2.45 मिलियन डॉलर और उप-विजेता साउथ अफ्रीका को 1.28 मिलियन डॉलर की बंपर प्राइज मनी मिली थी.

यह साफ है कि टी20 क्रिकेट की लोकप्रियता और इस टूर्नामेंट की कमर्शियल वैल्यू लगातार बढ़ रही है. टी20 वर्ल्ड कप सिर्फ क्रिकेट के रोमांच का मंच नहीं है, बल्कि इसमें भाग लेने वाली टीमों के लिए आर्थिक तौर पर भी बड़ा मंच बन चुका है. बढ़ती प्राइज मनी यह दिखाती है कि टी20 क्रिकेट का ग्लोबल बाजार लगातार मजबूत हो रहा है और आने वाले वर्षों में यह टूर्नामेंट और भी भव्य बन सकता है.

टी20 वर्ल्डकप 2026 की प्राइज मनी

• विजेता: लगभग ₹27.50 करोड़
• उप-विजेता: लगभग ₹14.67 करोड़
• सेमीफाइनल में हारने वाली टीम्स: लगभग ₹7.24 करोड़
• 5वें से 12वें स्थान वाली टीम: लगभग ₹3.48 करोड़
• 13वें से 20वें स्थान वाली टीम: लगभग ₹2.29 करोड़

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *