डेस्क: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (US President Donald Trump) की गर्दन (Neck) पर दिखाई दिए लाल निशान (red mark) ने इस हफ्ते मीडिया और फोटोग्राफरों का ध्यान खींचा और सोशल मीडिया पर भी तरह-तरह की चर्चाओं को जन्म दिया। सोमवार को व्हाइट हाउस में आयोजित मेडल ऑफ ऑनर समारोह (Medal of Honor ceremony) के दौरान ली गई तस्वीरों में ट्रंप की गर्दन के दाईं ओर कॉलर के ऊपर लाल पैच साफ नजर आया। 79 वर्षीय राष्ट्रपति की सेहत को लेकर तुरंत सवाल उठने लगे।
एक हफ्ते तक चलेगा इलाज
कार्यक्रम के बाद व्हाइट हाउस के डॉक्टर डॉ. सीन बार्बाबेला ने बयान जारी कर बताया कि यह लाल निशान एक सामान्य त्वचा उपचार के कारण हुआ है। उन्होंने कहा कि ट्रंप गर्दन पर एक सामान्य क्रीम का इस्तेमाल कर रहे हैं, जिसे डॉक्टर ने एहतियात के तौर पर दिया है। यह इलाज केवल एक हफ्ते तक चलेगा, लेकिन क्रीम के असर से लाल निशान कुछ हफ्तों तक दिखाई दे सकते हैं। हालांकि, व्हाइट हाउस ने यह नहीं बताया कि किस समस्या के लिए यह क्रीम दी गई है। प्रेस सेक्रेटरी करोलाइन लेविट ने भी कहा कि डॉक्टर के बयान के अलावा उनके पास इस मामले में कोई अतिरिक्त जानकारी नहीं है।
मेडिकल रिपोर्ट में भी स्किन ट्रीटमेंट का जिक्र
एसोसिएटेड प्रेस के अनुसार, अप्रैल 2025 में ट्रंप की मेडिकल जांच रिपोर्ट में मोमेटासोन क्रीम के इस्तेमाल का उल्लेख था। यह एक टॉपिकल स्टेरॉयड क्रीम है, जिसे आमतौर पर त्वचा में जलन या सूजन के इलाज के लिए दिया जाता है। डॉ. बार्बाबेला पहले भी कई बार कह चुके हैं कि राष्ट्रपति की कुल मिलाकर सेहत मजबूत है। पिछले साल वाल्टर रीड नेशनल मिलिट्री मेडिकल सेंटर में हुई जांच के बाद डॉक्टरों ने बताया था कि ट्रंप के दिल और पेट के स्कैन पूरी तरह सामान्य पाए गए।
उम्र और सेहत पर उठते रहे सवाल
ट्रंप के दूसरे कार्यकाल के दौरान उनकी सेहत को लेकर लगातार चर्चा होती रही है, खासकर उनकी उम्र को लेकर। जनवरी में शपथ लेते समय वह अमेरिकी इतिहास में सबसे ज्यादा उम्र के राष्ट्रपति बने थे। कभी-कभी उनके हाथों पर चोट के निशान और पैरों में सूजन भी देखी गई है। ट्रंप ने हाथों के निशान की वजह नियमित एस्पिरिन इस्तेमाल को बताया था, जबकि पैरों की सूजन को लेकर डॉक्टरों ने कहा था कि उन्हें क्रॉनिक वेनस इनसफिशिएंसी नाम की सामान्य समस्या है, जो उम्र बढ़ने के साथ कई लोगों में देखी जाती है।
