अंतरराष्ट्रीय

ईरान पर हमले को लेकर इजरायली पीएम नेतन्याहू ने किया बड़ा दावा, कहा- हमला तुरंत जरूरी था नहीं तो…

डेस्क: ईरान पर हमले को लेकर प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू ने बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा कि ईरान पर तुरंत हमला करना जरूरी था, क्योंकि ईरान कुछ ही महीनों में बंकर बना लेता। ऐसे बंकरों को भेदना फिर मुश्किल हो जाता। यदि कार्रवाई नहीं होती तो ईरान काबू में नहीं आता।

‘युद्ध को खत्म होने में लगेगा समय’

प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने फॉक्स न्यूज़ को दिए इंटरव्यू में कहा कि अमेरिका और इजरायल द्वारा ईरान पर किए गए हमलों से शुरू हुआ मध्य पूर्व का संघर्ष कोई अंतहीन युद्ध नहीं होगा, लेकिन इसे खत्म होने में थोड़ा समय लग सकता है।

उन्होंने कहा कि यह अभियान तेज़ और निर्णायक कार्रवाई होगी। बाद में उन्होंने यह भी जोड़ा कि इसमें कुछ समय लग सकता है, लेकिन यह कई सालों तक नहीं चलेगा।

सऊदी अरब को लेकर क्या बोले इजरायली पीएम?

वहीं बेंजामिन नेतन्याहू ने सऊदी अरब के साथ रिश्तों को सामान्य करने का संकेत दिया है। उन्होंने फॉक्स न्यूज से बातचीत में कहा कि ईरान के खिलाफ हुई कार्रवाई के बाद अब सऊदी अरब और इजरायल के बीच शांति संभव हो सकती है।

दरअसल, पहले सऊदी अरब और इजरायल अपने संबंध सामान्य करने की दिशा में आगे बढ़ रहे थे। इस समझौते के तहत सऊदी अरब और अमेरिका मिलकर रियाद के लिए एक सिविल न्यूक्लियर (नागरिक परमाणु) कार्यक्रम शुरू करने वाले थे।

लेकिन गाजा में इजरायल के युद्ध और फिलिस्तीनियों के खिलाफ चल रही हिंसा के कारण सऊदी अरब ने इजरायल के साथ संबंधों पर चल रही सभी बातचीत को रोकने का ऐलान कर दिया।

ट्रंप ने क्या कहा?

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि अगर उन्होंने ईरान के साथ हुआ परमाणु समझौता रद्द नहीं किया होता, तो ईरान तीन साल पहले ही परमाणु हथियार बना चुका होता।
ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रूथ सोशल पर लिखा कि अगर उन्होंने पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा के समय हुआ ईरान परमाणु समझौता (JCPOA) खत्म नहीं किया होता, तो आज हालात बिल्कुल अलग होते। उनके मुताबिक यह समझौता बहुत खतरनाक था और अगर यह जारी रहता तो दुनिया की स्थिति और खराब हो सकती थी।
उन्होंने इसके लिए बराक ओबामा और जो बाइडेन को जिम्मेदार ठहराया और खुद के फैसले की तारीफ की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *