डेस्क : मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव और एयरस्पेस बंद होने के कारण कई अंतरराष्ट्रीय उड़ानें प्रभावित हुई हैं। इसका असर आम यात्रियों से लेकर जानी-मानी हस्तियों तक पर पड़ा है। इसी कड़ी में मिस इंडिया रनर-अप और पूर्व बिग बॉस कंटेस्टेंट मान्या सिंह भी यूएई में फंस गई हैं। मान्या 26 फरवरी को एक कॉलेज कॉन्फ्रेंस में बतौर स्पीकर हिस्सा लेने यूएई पहुंची थीं। कार्यक्रम खत्म होने के बाद अधिकतर लोग 27 फरवरी की रात को ही रवाना हो गए, लेकिन उन्होंने एक दिन और रुकने का निर्णय लिया। उनकी 28 फरवरी को दोपहर 2:50 बजे अबू धाबी से वापसी की फ्लाइट थी, जिसे अचानक सस्पेंड कर दिया गया। इसके बाद से वे दुबई में ही रुकी हुई हैं।
एयरपोर्ट पर डरावना अनुभव
मान्या ने बताया कि एयरपोर्ट पर मौजूद रहने के दौरान उन्होंने आसपास धमाकों की आवाजें सुनीं और आसमान में मिसाइलों की हलचल देखी। उनके अनुसार वह पल बेहद भयावह था। फिलहाल शहर में सन्नाटा पसरा हुआ है, कई सड़कें बंद हैं और लोग घरों में रहने को मजबूर हैं। उन्होंने कहा कि वह अकेली जरूर हैं, लेकिन घबराने से हालात नहीं सुधरेंगे, इसलिए खुद को शांत रखने की कोशिश कर रही हैं।
होटल के पास हमले की खबर
मान्या ने यह भी बताया कि शुरुआत में एयरपोर्ट अथॉरिटी की ओर से फंसे यात्रियों के लिए Fairmont The Palm में ठहरने की व्यवस्था की जा रही थी, लेकिन वहां कमरा उपलब्ध नहीं हो सका। बाद में उन्हें Ciel Dubai Marina के पास एक अन्य होटल में ठहराया गया। कुछ समय बाद उन्हें जानकारी मिली कि जिस इलाके में वह रुकी हैं, उसके सामने स्थित एक होटल पर हमला हुआ था।
