
लखनऊ (नागेंद्र सिंह चौहान)। रंगों के पावन पर्व होली के अवसर पर ‘सक्षम स्किल सेंटर’ में एक विशेष एवं हर्षोल्लासपूर्ण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह आयोजन कथक शिक्षक रजनी वर्मा, मोनिशा तंद्रा और तंद्रा मित्रा के सहयोग से संपन्न हुआ, जिसमें छोटे-छोटे बच्चों के साथ प्रेम, उल्लास और भाईचारे के रंग बिखेरे गए।

कार्यक्रम के दौरान रजनी वर्मा ने बच्चों को रंग, चॉकलेट एवं समोसे वितरित किए और मोनिशा और तंद्रा मित्रा ने बच्चों को लंच पैकेट वितरित किया…उनके साथ मिलकर होली के इस पावन उत्सव को आनंदपूर्वक मनाया। बच्चों के चेहरों पर खुशी और उत्साह स्पष्ट रूप से झलक रहा था। रंगों, मुस्कानों और स्नेह से भरे इस आयोजन ने सभी के दिलों को छू लिया।
इस अवसर पर लेट्स गिव होप फाउंडेशन के संस्थापक और अध्यक्ष आशीष मौर्या, प्रोडक्शन हेड हिमांशु सिंह, हेड ऑफ ऑपरेशन अनीशा बिष्ट, वीडियो एडिटर प्रज्ञा साहू और फील्ड कॉर्डिनेटर अंकित सिंह उपस्थित रहे। सभी ने बच्चों के साथ मिलकर होली खेली और उन्हें प्रेम, एकता एवं सकारात्मकता का संदेश दिया।
संस्थापक आशीष मौर्या ने अपने संबोधन में कहा कि ऐसे त्योहार समाज में आपसी सद्भाव, सहयोग और संवेदनशीलता को बढ़ावा देते हैं। उन्होंने कहा कि बच्चों के साथ त्योहार मनाना न केवल उन्हें खुशियाँ देता है, बल्कि उन्हें यह एहसास भी कराता है कि समाज उनके साथ खड़ा है।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य गरीब बच्चों के जीवन में खुशियों के रंग भरना और उन्हें सामाजिक समरसता का संदेश देना था। यह आयोजन न केवल उत्सव का प्रतीक बना, बल्कि समाज में सकारात्मक बदलाव की दिशा में एक प्रेरणादायक कदम भी साबित हुआ।
