खेल

T20 World Cup: सेमीफाइनल के लिए पाकिस्तान की आसान नहीं राह, जानें समीकरण…

डेस्क: टी20 विश्व कप (T20 World Cup) का सुपर आठ (Super Eight) चरण अब खत्म होने को है, लेकिन अब तक दो टीमें ही सेमीफाइनल (semi-finals) में जगह बना सकी हैं। ग्रुप-1 से दक्षिण अफ्रीका और ग्रुप-2 से इंग्लैंड अगले दौर में पहुंच चुके हैं। शेष दो स्थानों के लिए चार टीमों में होड़ है। ग्रुप-1 में स्थिति स्पष्ट है कि भारत और वेस्टइंडीज के बीच रविवार को जो टीम जीतेगी वो सेमीफाइनल में पहुंच जाएगी, लेकिन ग्रुप-2 में पेच फंसा हुआ है और यहां नेट रन रेट की भूमिका काफी अहम हो गई है।

न्यूजीलैंड की हार से पाकिस्तान को मिली राहत

इंग्लैंड ने न्यूजीलैंड को टी20 विश्व कप के सुपर आठ मुकाबले में हराकर ग्रुप-2 का समीकरण बदल दिया है।
न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में सात विकेट पर 159 रन बनाए।
जवाब में इंग्लैंड की टीम ने 19.3 ओवर में छह विकेट पर 161 रन बनाकर जीत दर्ज कर ली।
इंग्लैंड की न्यूजीलैंड पर जीत से पाकिस्तान को राहत मिल गई है क्योंकि न्यूजीलैंड अगर ये मैच जीत जाती तो पाकिस्तान का सफर सुपर आठ में ही थम जाता।
न्यूजीलैंड की हार से अब ग्रुप-2 में सेमीफाइनल का समीकरण बदल गया है और अब श्रीलंका तथा पाकिस्तान के मैच पर सभी की नजरें हैं।
इंग्लैंड पहले ही क्वालिफाई कर चुका है, यानी अब इस ग्रुप से सेमीफाइनल के एक स्थान के लिए दो टीमों में जंग है।

ग्रुप-2 में कैसी है टीमों की स्थिति?

सुपर आठ चरण के ग्रुप-2 की बात करें तो इंग्लैंड ने अपने तीनों मैच जीते हैं और वह छह अंकों के साथ सेमीफाइनल में जगह बना चुका है। न्यूजीलैंड की टीम तीन मैचों में एक जीत, एक हार और एक रद्द मैच के साथ तीन अंक लेकर दूसरे स्थान पर है। न्यूजीलैंड का नेट रन रेट +1.390 का है। पाकिस्तान की टीम दो मैच में एक हार और एक रद्द मैच के साथ एक अंक लेकर तीसरे नंबर पर है। पाकिस्तान का नेट रन रेट -0.461 का है। वहीं, सह-मेजबान श्रीलंका ने सुपर आठ में अपने शुरुआती दोनों मैच गंवाए जिससे उसका सफर थम गया। श्रीलंका भले ही बाहर हो गई है, लेकिन अब शनिवार को उसका पाकिस्तान से सामना होना है। श्रीलंका के पास खोने के लिए कुछ नहीं बचा है, लेकिन पाकिस्तान के लिए सबकुछ अभी भी खत्म नहीं हुआ है।

किस तरह सेमीफाइनल में पहुंच सकता है पाकिस्तान

इंग्लैंड के खिलाफ न्यूजीलैंड की हार से सेमीफाइनल की दौड़ दिलचस्प हो गई है।
यहां से नेट रन रेट काफी अहम हो गया है। यानी पाकिस्तान को सिर्फ श्रीलंका को हराना ही नहीं होगा, बल्कि बड़ी जीत दर्ज करनी होगी।
श्रीलंका के खिलाफ अगर पाकिस्तान पहले बल्लेबाजी करता है और उसने 160 रन का स्कोर बनाया है तो उसे ये मैच 64 या इससे अधिक रनों से जीतना होगा।
अगर पाकिस्तान पहले गेंदबाजी करता है और श्रीलंका को 160 के स्कोर पर रोक लेता है तो उसे 40+ गेंद या 13.1 ओवर में ही ये लक्ष्य हासिल करना होगा।
पाकिस्तान की टीम अगर ऐसा नहीं कर सकी तो बेहतर नेट रन रेट के आधार पर न्यूजीलैंड सेमीफाइनल के लिए क्वालिफाई कर लेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *