अंतरराष्ट्रीय

पाकिस्तान-अफगानिस्तान में रातभर हुई गोलाबारी, 150 से ज्यादा लोगों की मौत…

डेस्क: पाकिस्तान (Pakistan) पर अफगानिस्तान (Afghanistan) ने बड़ा हमला किया है. रिपोर्ट्स के अनुसार, अफगान बलों ने दुश्मन के नियंत्रण में मौजूद कुल 15 चौकियों पर कब्जा करने का दावा किया है. इस अभियान में कई पाकिस्तानी सैनिकों (Pakistani soldiers) के मारे जाने की बात कही जा रही है, जबकि कुछ सैनिकों को हिरासत में लेने का भी दावा किया गया है.

खबरों के मुताबिक पाकिस्तान ने भी जवाबी कार्रवाई करते हुए अफगानिस्तान के दंड अव पाटन इलाके के रिहायशी क्षेत्रों पर हमले शुरू कर दिए हैं. इस सैन्य कार्रवाई से जुड़े कुछ वीडियो भी सामने आने की बात कही जा रही है. इसी बीच अफगानिस्तान के रक्षा मंत्रालय ने बड़ा दावा करते हुए कहा है कि अफगान सेना की कार्रवाई में 40 पाकिस्तानी सैनिक मारे गए. मंत्रालय के अनुसार, 13 सैनिकों के शव पाकिस्तान को सौंपे जाने की भी पुष्टि की गई है.

पाकिस्तान और अफ़गानिस्तान के बीच बढ़ते तनाव के बीच अफगानिस्तान की राजधानी काबुल में देर रात जेट विमानों की आवाज और कई तेज धमाके सुने गए. दक्षिणी शहर कंधार, जहां तालिबान के सुप्रीम लीडर हिबतुल्लाह अखुंदजादा रहते हैं, वहां भी जेट विमानों की आवाज सुनी गई. तालिबान सरकार ने पाकिस्तानी हवाई हमलों की पुष्टि की है. प्रवक्ता जबीहुल्लाह मुजाहिद ने कहा कि हमले हुए, लेकिन किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है. इससे कुछ घंटे पहले मुजाहिद ने पाकिस्तानी सेना द्वारा बार-बार उल्लंघन के जवाब में सीमा पर बड़े पैमाने पर हमले की घोषणा की थी.

अफगानिस्तान में बढ़ते तनाव के बीच बड़ा दावा सामने आया है. सुरक्षा सूत्रों ने टोलो न्यूज को बताया कि अफगान सेना ने एक पाकिस्तानी विमान को मार गिराया, जो अफगान हवाई क्षेत्र में घुस आया था. सूत्रों के अनुसार, विमान ने सीमा का उल्लंघन किया था, जिसके बाद अफगान वायु रक्षा प्रणाली ने कार्रवाई की. हालांकि, इस दावे पर पाकिस्तान की ओर से तत्काल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है.

पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच बढ़ते तनाव के बीच बयानबाजी भी तेज हो गई है. अफगानिस्तान के पूर्व राष्ट्रपति हामिद करजई ने काबुल, कंधार और पक्तिका में हुए पाकिस्तानी हमलों की कड़ी निंदा की. सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जारी बयान में उन्होंने कहा कि अफगान जनता अपनी एकता के बल पर अपनी भूमि की रक्षा करेगी और किसी भी आक्रामकता का साहसपूर्वक जवाब देगी.

वहीं, पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने अफगानिस्तान की तालिबान सरकार को कड़ा संदेश दिया है. X पर जारी अपने बयान में उन्होंने कहा कि पाकिस्तान का धैर्य समाप्त हो चुका है और अब स्थिति खुले युद्ध की ओर बढ़ रही है. आसिफ ने आरोप लगाया कि अफगानिस्तान की अंतरिम सरकार दुनिया भर से आतंकवादियों को पनाह दे रही है और आतंकवाद का निर्यात कर रही है. उन्होंने यह भी दावा किया कि तालिबान ने अपने ही नागरिकों को बुनियादी मानवाधिकारों से वंचित किया है और महिलाओं को इस्लाम द्वारा दिए गए अधिकारों से भी दूर कर दिया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *