नोएडा: टीम इंडिया के उभरते बल्लेबाज Rinku Singh के पिता खानचंद सिंह की तबीयत अचानक बिगड़ गई है। उन्हें ग्रेटर नोएडा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है। जानकारी के मुताबिक वे वेंटिलेटर सपोर्ट पर हैं और उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
बताया जा रहा है कि खानचंद सिंह पिछले एक साल से कैंसर से जूझ रहे हैं और बीमारी चौथे स्टेज में पहुंच चुकी है।
मैच पर संशय
रिंकू सिंह जिम्बाब्वे के खिलाफ 26 फरवरी को होने वाले मुकाबले की तैयारी में थे, लेकिन पिता की तबीयत बिगड़ने की खबर मिलते ही वे चेन्नई से घर लौट आए। ऐसे में उनके आगामी मैच में खेलने पर संशय बना हुआ है।
संघर्ष से स्टारडम तक का सफर
अलीगढ़ निवासी रिंकू का जीवन संघर्षों से भरा रहा है। उनके पिता गैस सिलेंडर की डिलीवरी कर परिवार चलाते थे। आर्थिक तंगी के बीच रिंकू ने भी छोटे-मोटे काम किए, लेकिन क्रिकेट के प्रति जुनून ने उन्हें आगे बढ़ाया।
आईपीएल 2023 में Kolkata Knight Riders की ओर से खेलते हुए उन्होंने Gujarat Titans के खिलाफ Narendra Modi Stadium में आखिरी ओवर में लगातार पांच छक्के लगाकर टीम को यादगार जीत दिलाई थी। इस पारी के बाद वे देशभर में चर्चा का विषय बन गए थे।
फिलहाल परिवार और प्रशंसक उनके पिता के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना कर रहे हैं।
आशुतोष झा
